गुकाविवि के आंदोलनरत कर्मचारियों के समर्थन कई संगठन आये आगे
हरिद्वार। गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय में चल रहा धरना शुक्रवार को भी जारी रहा। कर्मचारियों के धरने को व्यापक जनसमर्थन मिलना जारी है। जिसके चलते शुक्रवार को धरना स्थल पर जाट यूनियन,भारतीय किसान यूनियन,भाजपा एवं कांग्रेस व जिला पेशनर्स कर्मचारी संगठन के पदाधिकारियों ने पहुंचकर आन्दोलनरत कर्मचारियों की मांगों का समर्थन करते हुए अपना पूर्ण समर्थन व जनसहयोग देने का आह्वान किया।इस अवसर पर जिला कर्मचारी पेंशनर्स संगठन के नेता जे.पी.चाहर ने कहा कि गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय भारत ही नहीं विश्व की धरोहर है।इसकी असमियता के साथ किसी को भी छेड़छाड़ करने का अधिकार नहीं दिया जाएगा।गुरुकुल के कर्मचारियों व गुरुकुल की रक्षा के लिए उनका संगठन व समाज के अन्य संगठन कंधे से कंधा मिलाकर गुरुकुल कांगड़ी के कर्मचारियों के साथ है। जाट महासभा पंचपुरी हरिद्वार के अध्यक्ष डी.के.चौधरी ने कहा कि गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय शिक्षा के क्षेत्र में अपने विशेष पहचान विश्व में रखता है।इसका संचालन भारत सरकार के नियमों के अनुसार किया जाता रहा है।इन नियमों के साथ छेड़छाड़ करने वाले को बक्शा नहीं जाएगा। जाट महासभा आन्दोलनरत कर्मचारियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। वरिष्ठ भाजपा नेता डा.विशाल गर्ग ने धरना स्थल पर उपस्थित कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि कर्मचारियों के पक्ष को वह सरकार तक पहुंचाने का कार्य कर कर्मचारियों को न्याय दिलाने की मांग करेंगे।उन्होंने कहा कि सामाजिक कार्यकर्ता होने के नाते भी वह गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय में भारत सरकार व विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के नियमों को अक्षतः पालन किए जाने का समर्थन करते हैं।युवा कांग्रेस नेता राहुल चौधरी ने कहा कि गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय को कुछ लोग अपनी महत्वकांक्षा सिद्ध करने के लिए भारत सरकार के नियमों को दरकिनार कर कर्मचारियों को शोषण करने के लिए अग्रसर है।उन्हें किसी भी कीमत पर इस प्रयास में सफल नहीं होने दिया जाएगा। कर्मचारियों की इस लड़ाई में कांग्रेस कर्मचारियों के साथ है।यूनियन के अध्यक्ष रजनीश भारद्वाज व महामंत्री नरेन्द्र मलिक ने धरना स्थल पर समर्थन देने पहुंचे समाज के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह संकट के इस समय में कर्मचारियों का समर्थन करने आए हैं इसके लिए वह शब्दों में उनका आभार व्यक्त नहीं कर सकते। गुरुकुल के कर्मचारी आजीवन आप सभी के ऋणी व आभारी रहेंगे।उन्होंने कहा कि हम सभी न्याय व नियमों की लड़ाई लड़ रहे हैं,सभी का समर्थन हमारे लिए ऊर्जा का संचार है। निश्चित ही आप सभी के समर्थन से हमारे आंदोलन को तेज गति व आत्मबल मिलेगा।इस अवसर पर डा.जसवीर राठी,सतीश मलिक,रविन्द्र कुमार,बलवीर सिंह,चौधरी नाथीराम,रविन्द्र कुमार, नरेश बालियान,गुलवीर सिंह,विनोद तोमर,जन अधिकार संगठन के जिला अध्यक्ष संजीव कुमार,भूमिहिन किसान संगठन समिति के रमेश चन्द्र,राजवीर सिंह,किसान मोर्चा हरिद्वार से मानुष तोमर,नरेंद्र चौहान अन्य साथियों सहित विभिन्न कर्मचारी व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।