निरंजन पीठाधीश्वर ने शुरू की पूरे श्रावण चलने वाली विशेष शिव आराधना


हरिद्वार। निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज ने कहा कि भगवान शिव ही संसार के अधिपति हैं। समस्त सृष्टि भगवान शिव से उत्पन्न होकर उनमें ही समाहित हो जाती है।श्रीदक्षिण काली मंदिर में पूरे सावन माह चलने वाली विशेष शिव आराधना का शुभारंभ करते हुए स्वामी कैलाशानंद गिरी ने कहा कि कल्याणकारी और मृत्युंजय भगवान शिव की आराधना कभी निष्फल नहीं जाती। उन्हें भक्तों से अधिक कुछ नहीं चाहिए। भक्त की श्रद्धा और भावना से ही भगवान शिव प्रसन्न हो जाते हैं।पूरे सावन हरिद्वार में निवास करने वाले देवों के देव महादेव भगवान शिव की महिमा अपरंपार है। उनकी कृपा का पात्र जो व्यक्ति बन जाता है।उसका जीवन स्वयं ही उन्नति की ओर अग्रसर हो जाता है। महादेव शिव अपने भक्तों के सभी कष्ट दूर कर उनकी सभी मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं।स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज के शिष्य स्वामी अवंतिकानंद ब्रह्मचारी ने बताया कि लोक कल्याण के लिए गुरूदेव पूरे सावन भगवान शिव की विशेष आराधना करते हैं। इसके लिए विभिन्न प्रजाति के पुष्पों से शिवलिंग का विशेष श्रंग्रार किया जाता है। विभिन्न प्रकार के सुगंधित द्रव्यों और पंचामृत से भगवान शिव का अभिषेक किया जाता है।आराधना का समापन श्रावण पूर्णिमा पर होगा।