मां की शक्ति से बड़ी संसार में कोई शक्ति नहीं-स्वामी रामेश्वरानंद सरस्वती

हरिद्वार। महामंडलेश्वर स्वामी रामेश्वरानंद सरस्वती महाराज ने कहा कि मां की शक्ति से बड़ी संसार में कोई शक्ति नहीं है।कनखल सन्यास मार्ग स्थित रामेश्वरानंद आश्रम में नवरात्र साधना के दौरान विश्व कल्याण की कामना करते हुए स्वामी रामेश्वरानंद सरस्वती महाराज ने कहा कि मां दुर्गा को समर्पित नवरात्र साधना से साधक उत्तम फल की प्राप्ति होती है।सनातन धर्म संस्कृति में मनाए जाने वाले सभी पर्व समाज को सार्थक संदेश प्रदान करते हैं।नवरात्रों में की जाने वाली मां दुर्गा की साधना और आराधना का विशेष महत्व है।नवरात्रों में नौ दिनों तक पूर्ण विधि विधान से की जाने वाली साधना और आराधना से प्रसन्न होकर मां जगदंबा अपने भक्तों का कल्याण करती हैं।मां भगवती की कृपा से असंभव कार्य भी संभव हो जाते हैं।परिवार में सुख समृद्धि का वास होता है।उन्होंने कहा कि मां दुर्गा की कृपा प्राप्त करने के लिए सभी को नौ दिनों तक नवरात्र साधना अवश्य करनी चाहिए। साधना के दौरान सभी नियमों का पालन करें। पूर्ण विधि विधान से मां दुर्गा के निमित्त हवन,यज्ञ आदि अनुष्ठान करें। कन्या पूजन कर साधना की पूर्णाहूति करें और देवी स्वरूपा कन्याओं के संरक्षण,संवर्द्धन,सुरक्षा का संकल्प लें।