संस्कार भारती ने वात्सल्य वाटिका के बच्चों को दी अपशिष्ट प्रबंधन की जानकारी
हरिद्वार। संस्कार भारती महानगर इकाई हरिद्वार की ओर से बहादराबाद स्थित वात्सल्य वाटिका में बच्चों को अपशिष्ट प्रबंधन के विषय में विस्तार से जानकारी दी गयी। बच्चों को बताया गया कि कैसे पारिस्थितिकी तंत्र की बेहतरी में हम अपना योगदान दे सकते हैं। लैंडफिल में जाने वाले कूड़े कचरे को कम करने के लिए उनसे पुनःचक्रण के द्वारा हस्तशिल्प और सजावटी सामान बनाने में बच्चों को व्यस्त रख सकते हैं। बच्चे उन चीजों को उपयोग कर,सजाकर अपनी रचनात्मकता का परिचय दे सकते हैं,पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान देकर देश के प्रति अपना कर्तव्य निभा सकते हैं। उनको ज़िम्मेदारी के साथ फिजूल खर्ची न करने की भी शिक्षा दे सकते हैं। कोल्ड ड्रिंक की खाली प्लास्टिक की बोतल से पेंसिल,पेन, होल्डर और फूलदान बनाना सिखाया गया। इस कार्य में बच्चों ने बहुत रुचि दिखाई और बहुत ही सुंदर कलाकृतियां तैयार की। अस्वस्थ होने पर या घायल हो जाने पर डा.हमें एक्स-रे लिख देते हैं जो एक बार इस्तेमाल होते हैं। उन एक्स-रे शीट से सजावट का बेहद ही खूबसूरत सामान तैयार कराया। एक्स-रे शीट पर पेंसिल बहुत आसानी से चल जाती है। बटरफ्लाई,ओम,स्वास्तिक का निशान काटकर उनको स्पार्कल फोम शीट से सजाना सिखाया और इसी शीट से कंदील बनाना सिखाया गया।बच्चों ने कलात्मकता और अपनी रचनात्मकता का परिचय देकर बहुत ही सुंदर खूबसूरत सामग्री तैयार की। साथ ही पर्यावरण संरक्षण में भी अपना सहयोग दिया। छोटे-छोटे प्रयासों से घर में पड़ी बेकार वस्तुओं से बच्चे कलात्मक सामान बनाकर पर्यावरण संरक्षण में अपना सहयोग अवश्य करेंगे। प्रांतीय मातृ शक्ति सह संयोजिका ज्योति भट्ट और चित्रकला संयोजक जय गुप्ता द्वारा विस्तृत जानकारी देते हुए ऐपण कला के गुणों को सिखाया गया। दूसरे ग्रुप के बच्चों को चित्रकला सह संयोजक रवि तिवारी द्वारा पेपर क्रॉफ्ट का हुनर सिखाया गया। बच्चों ने भी बहुत ही उत्साह के साथ इस प्रशिक्षण का आनंद लिया और अपनी कला को निखारते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। श्रीजा त्रिपाठी द्वारा बच्चों के लिए चॉकलेट,चिप्स-कुरकुरे और प्रान्तीय सहसंपर्क प्रमुख अमित कुमार गुप्ता द्वारा बिस्कुट आदि का वितरण किया गया। कार्यक्रम के समापन पर बच्चों के लिए स्वादिष्ट भोजन भंडारे की व्यवस्था रेखा सिंघल के सौजन्य से की गई। कार्यक्रम सुनील कुमार,राकेश मालवीय,करण सिंह सैनी,कमल सैनी,मनीष त्रिपाठी,सुरेश सिंघल,डीके चौहान,मयंक आदि मौजूद रहे। इकाई मंत्री संतोष साहू ने सभी का धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।