उत्तराखंड निकाय कर्मचारी संयुक्त मोर्चा ने दिया सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन

 हटाया गया तो आंदोलन को मजबूर होंगे कर्मचारी-सुरेंद्र तेश्वर


हरिद्वार। उत्तराखंड निकाय कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के पदाधिकारियों,संविदा एवं आउटसोर्स कर्मचारियों ने सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पर प्रदर्शन कर मांगों के संबंध में मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन दिया। कर्मचारियों को संबोधित करते हुए संयुक्त मोर्चा के मुख्य संयोजक सुरेंद्र तेश्वर ने कहा कि हाल ही में उत्तराखंड शासन द्वारा निकायों में कार्यरत संविदा,आउटसोर्स,मोहल्ला स्वच्छता समिति,दैनिक वेतन भोगी,कर्मचारियों को हटाए जाने का फरमानजारी कर कर्मचारियों में निराशा एवं आक्रोश पैदा कर दिया है। यदि ऐसा हुआ तो कर्मचारी आंदोलन करने को बाध्य होंगे। तेश्वर ने कहा कि मोर्चा लगातार सभी कर्मचारियों को नियमित करने की मांग करता चला रहा है। लेकिन सरकार कोई कदम नहीं उठा रही है। कर्मचारियों का नियमित करने के बजाय सरकार उनका रोजगार छीनने का कार्य कर रही है। सरकार हाईकोर्ट के आदेशों की भी अवेलना कर रही है। सरकार जल्द से जल्द कर्मचारियों को नियमित करें नहीं तो मजबूर होकर आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा। संयोजक मुकुल जोशी ने कहा कि चाहे वर्तमान सरकार हों पूर्व की सरकारें कर्मचारियों का शोषण लगातार होता चला रहा है। पदों को मृत कैडर में डालकर समाप्त कर दिया गया है,जिससे कर्मचारियों की भर्ती नहीं हो रही है।संविदा,आउटसोर्स पर कार्यरत लिपिक,ड्राइवर,लाइनमैन,अनुचर ,लाइनमैन,पर्यावरण मित्र सभी का शोषण हो रहा है। सरकार को इस पर जल्द निर्णय लेना चाहिए और मृतपड़े पदों को बहाल करना चाहिए। संयोजक राजेंद्र श्रमिक ने संयुक्त मोर्चा द्वारा कर्मचारियों को नियमित करने की कई बार मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रस्तुत किए गए। इसके बावजूद भी कर्मचारियों के हित में सरकार ने कोई ठोस निर्णय नहीं लिया। ऐसा प्रतीत होता है कि सरकार कर्मचारियों के प्रति गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति बन गई है कि कर्मचारी मजबूर होकर आंदोलन की राह पर जा सकते है,जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन प्रशासन की होगी। ज्ञापन देने वालों में सुरेंद्र तेश्वर,मुकुल जोशी,राजेंद्र श्रमिक,प्रवीण तेश्वर,सलेकचंद,राजू खैरवाल,बलराम चुटेला,दीपक चावरिया,राजेश खैरवाल,अजय कुमार,प्रदीप खैरवाल,मनोज छाछर,आलोक कुमार, लोकेश,कुलदीप कांगड़ा,दीपक कुमार,जुगनू कांगड़ा,जितेंद्र,सोनू,संदीप,प्रवीण,नरेंद्र सहित दर्जनों कर्मचारी शामिल रहे।