भगवान शिव की शक्ति से बड़ी संसार में कोई शक्ति नहीं-राजमाता आशा भारती
हरिद्वार। भूपतवाला स्थित निरालाधाम की अध्यक्ष राजमाता आशा भारती महाराज ने कहा कि भगवान शिव की शक्ति से बड़ी संसार में कोई शक्ति नहीं है। श्रद्धा और विश्वास से भगवान शिव की आराधना करने से सभी संकट दूर हो जाते हैं। शिव कृपा से परिवार में सुख समृद्धि का वास होता है। राजमाता आशा भारती महाराज ने बताया कि राष्ट्र की एकता अखण्डता तथा विश्व शांति के लिए 19दिसम्बर से आश्रम में 41दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान का शुभारंभ किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि परम् शिवभक्त निराला स्वामी महाराज द्वारा शुरू की गयी 41दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान की परंपरा को निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है। अनुष्ठान में देश के विभिन्न राज्यों से हजारों श्रद्धालु भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि इस दौरान ब्रह्मलीन स्वामी कृष्णानंद केशव महाराज एवं ब्रहमलीन माता सुशीला देवी की पुण्यतिथी भी श्रद्धालु भक्तों और संत महापुरूषों के सानिध्य में मनायी जाएगी। राजमाता आशा भारती के परम् शिष्य स्वामी नित्यानंद महाराज ने बताया कि पूज्य गुरूदेव राजमाता आशा भारती सदैव भक्तों के कल्याण के लिए प्रयासरत रहती है। भक्तों और राष्ट्र कल्याण के लिए उनके द्वारा प्रतिवर्ष 41दिन का विशेष अनुष्ठान किया जाता है।