रिलायंस सैटअप बॉक्स का डिस्ट्रीब्यूटर बनाने के पर नाम भाजपा नेता से की थी 3 करोड़ 20 लाख की ठगी
हरिद्वार। रिलायंस सैटअप बॉक्स का डिस्ट्रीब्यूटर बनाने के नाम पर करोड़ों की ठगी की वारदात को अंजाम देने के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी 25 हजार के ईनामी को थाना बहादराबाद पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने रिलायंस सैटअप बॉक्स का डिस्ट्रीब्यूटर बनाने के नाम पर साथियों के साथ मिलकर 3 करोड़ से अधिक की ठगी के वारदात को अंजाम दिया था। वर्ष 2021 में थाना बहादराबाद के व्यापारी अमित सैनी संचालक छोटू महाराज ने थाना बहादराबाद पुलिस को तहरीर देकर अश्वनी चौबे निवासी पटना बिहार, कुमार प्रसून निवासी ठाणे महाराष्ट्र, तरनजीत सिंह निवासी पथरी हरिद्वार व प्रशांत संगल निवासी देहरादून आदि के विरुद्ध रिलायंस सैटअप बॉक्स का डिस्ट्रीब्यूटर बनाने के नाम पर 3 करोड़ 20 लाख की धोखाधड़ी व गबन करने के संबंध में मुकदमा दर्ज कराया था। मुकद्मा दर्ज करने के बाद विवेचना करते हुए पुलिस ने तरनजीत व प्रशांत संगल के खिलाफ न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल कर दिया था। धोखाधड़ी मामले का मास्टरमाइंड कुमार प्रसून पुत्र स्व.भुवनेश्वर प्रसाद निवासी।/204,एन.जी.विकास,सीएचएस लिमिटेड,बेवर्ली पार्क, कनकिया रोड,मीरा रोड पूर्वी,ठाणे महाराष्ट्र लगातार ठिकाने बदल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए एसएसपी ने 25000का ईनाम घोषित किया था। अदालत से उसके खिलाफ वारंट भी जारी किया गया था। ईनामी आरोपियों की गिरफ्तारी के एसएसपी के निर्देशों क्रम में बहादराबाद पुलिस द्वारा सुरागरसी पतारसी करते हुए सर्विलांस की मदद से आरोपी कुमार प्रसून को एम्स दिल्ली के पास से गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष नरेश सिंह राठौड़ ने बताया कि आरोपी ने खुद को रिलायंस कंपनी का टेक्निकल हैड बताकर साथी अश्वनी चौबे आदि के साथ मिलकर अमित सैनी को उत्तराखंड का रिलायंस कंपनी के सेटअप बॉक्स का डिस्ट्रीब्यूटर बनने का झांसा देकर धोखाधड़ी से उनसे 3करोड़ 20लाख की धनराशि हड़प ली और रिलायंस सेटअप बॉक्स का हेडक्वार्टर बनाने के लिए बिल्डिंग का निर्माण भी कराया था। धनराशि मिलने पर आरोपी फरार हो गए थे। आरोपियों ने और कहां कहां ठगी की वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस इसकी भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस टीम में बहादराबाद थानाध्यक्ष नरेश सिंह राठौड़,शांतरशाह चौकी प्रभारी खेमेंद्र गंगवार,हेडकांस्टेबल नरविंद्र सिंह,कांस्टेबील बलवंत सिंह, मुकेश राणा शामिल रहे।