नवरात्र साधना से होता है कल्याण का मार्ग प्रशस्त-स्वामी कैलाशानंद गिरी
हरिद्वार। श्रीदक्षिण काली मंदिर में आयोजित नवरात्र महोत्सव के दौरान मां दक्षिण काली के दर्शन पूजन के लिए प्रतिदिन भक्तों की अपार भीड़ उमड़ रही है। भक्तों को मां भगवती की महिमा से अवगत कराते हुए निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज ने कहा कि नवरात्रों में मां भगवती की पूर्ण विधि विधान से आराधना करने पर कल्याण का मार्ग प्रशस्त होता है। देवी दुर्गा के नौ स्वरूपों का पूजन और ध्यान से करने आंतरिक चेतना जागृत होती है। निश्चल भाव से मां दुर्गा की भक्ति करने से सभी कार्यो में सफलता प्राप्त होती है। परिवार में सुख समृद्धि का वास होता है। स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज ने कहा कि भक्तों पर सदैव करूणा बरसाने वाली मां भगवती ही संसार की सर्वोच्च शक्ति हैं। नवरात्रों में की जाने वाली आराधना पूजन से देवी भगवती प्रसन्न होती हैं और भक्तों को सुख समृद्धि का आशीर्वाद प्रदान करने के साथ दुष्टों से रक्षा करती हैं। उन्होंने कहा कि नवरात्र मां भवगती का आशीर्वाद प्राप्त करने का सबसे उत्तम अवसर हैं। प्रत्येक व्यक्ति को नवरात्रों में देवी दुर्गा के सभी नौ स्वरूपों की आराधना अवश्य करनी चाहिए। इस दौरान स्वामी अवंतिकानंद ब्रह्मचारी,बालमुकुन्दानन्द ब्रह्मचारी,आचार्य पवन दत्त मिश्र,आचार्य प्रमोद पांडे,स्वामी कृष्णानंद ब्रह्मचारी,चेतन शर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्त मौजूद रहे।