नीट परीक्षा में धांधली का आरोप लगाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन


 हरिद्वार। नीट परीक्षा में धांधली का आरोप लगाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने देवपुरा चौक पर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर पुतला दहन किया। इस दौरान महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग और स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मुरली मनोहर ने कहा कि भाजपा सरकार रोजगार विरोधी है। सरकार की नाक के नीचे नीट परीक्षा में धांधली हुई जिससे लाखों छात्र प्रभावित हुए हैं। पूर्व विधायक रामयश सिंह और वरिष्ठ नेता महेश प्रताप राणा ने कहा कि भाजपा सरकार जनविरोधी सरकार है। चुनाव समाप्त होते ही सरकार ने दूध और टोल टैक्स के दामों में बढ़ोतरी कर पहले से ही महंगाई की झेल रही जनता पर और बोझ डाल दिया है। निवर्तमान पार्षद राजीव भार्गव और कैलाश भट्ट ने कहा कि महंगाई और पेपर धांधली वाली भाजपा सरकार को जनता उखाड़ फेंकेगी। वरिष्ठ नेता मनोज सैनी और निवर्तमान पार्षद इसरार सलमानी ने कहा छात्र विरोधी,नौजवान विरोधी सरकार को जनता ने अल्पमत का जनादेश दिया है। यूथ कांग्रेस अध्यक्ष तुषार कपिल और नगर अध्यक्ष अंकित चौहान ने कहा कि भाजपा सरकार में पेपर धांधली पेपर लीक का रिकॉर्ड बना है। प्रदर्शन में मुख्य रूप से महिला कांग्रेस अध्यक्ष लता जोशी,ब्लॉक अध्यक्ष विमल शर्मा साटू,विकास चंद्रा, नईम कुरैशी,चौधरी करतार सिंह खारी,एलएस रावत,निवर्तमान पार्षद शहाबुद्दीन अंसारी, रियाज अंसारी,मेहरबान खान,सुहैल कुरैशी,जफर अब्बासी,अश्विन कौशिक,आकाश बिरला,अंजू द्विवेदी, समर्थ अग्रवाल,ऐश्वर्य पंत,अशोक गुप्ता,शौकत अली चीचू आदि कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे।