मतदान कर लोकतंत्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें-श्रीमहंत रविंद्रपुरी


 हरिद्वार। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने समस्त संत समाज से 19अप्रैल को शत प्रतिशत मतदान करने की अपील की है। अपील करते हुए श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि चुनाव लोकतंत्र का महापर्व है। मजबूत लोकतंत्र में प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है। इसलिए 19अप्रैल को संत समाज मतदान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करते हुए शत प्रतिशत मतदान करे और दूसरों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें। आनन्द अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी बालकानंद गिरी महाराज ने कहा कि संत समाज संविधान से मिले मत के अधिकार का निर्भीक होकर निष्पक्षता से प्रयोग कर लोकतंत्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। जिसमें प्रत्येक व्यक्ति को एक वोट का अधिकार दिया गया है। देश और लोकतंत्र की मजबूती के लिए सभी को अपने मत का प्रयोग अवश्य करना चाहिए। आनन्द अखाड़े के महंत शंकरानंद,निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रामरतन गिरी ,स्वामी रवि पुरी,स्वामी गंगा गिरी,महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरी,महंत रूपेंद्र प्रकाश,महंत राघवेंद्र दास,महंत गोविंददास,स्वामी निर्मल दास,स्वामी रविदेव शास्त्री,स्वामी हरिहरानंद,स्वामी ऋषि रामकृष्ण,सतपाल ब्रह्मचारी आदि संतों ने भी सभी से मतदान अवश्य करने की अपील की।