महाशिवरात्रि पर शिवालयों में जलाभिषेक को उमड़े श्रद्वालु, चैबंद रही सुरक्षा व्यवस्था


 हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में महाशिवरात्रि का पर्व धूमधाम और हर्षोल्लास के सथ मनाया गया। श्रद्धालु भक्तों ने शिवालयों में जलाभिषेक किया और परिवार के लिए मंगलकामना की। महाशिवरात्रि पर जलाभिषेक के लिए सवेरे से ही बिल्केश्वर महादेव,दक्ष महादेव,नीलेश्वर महादेव,दरिद्र भंजन,दुख भंजन,तिल भांडेश्वर आदि पौराणिक शिवालयों पर भक्तों की भारी भीड़ रही है। भक्तों ने शिव लिंग पर विल्व पत्र अर्पित किए और गंगा जल,दूध,दही,शहद, घी आदि पंचामृत से महादेव का अभिषेक किया। पुलिस प्रशासन की ओर से मंदिरों में सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। भीड़ नियंत्रण और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की तैनाती की गयी थी। जलाभिषेक करने वालों में महिलाओं संख्या सर्वाधिक होती है। इसके दृष्टिगत महिला पुलिस की तैनाती भी गयी थी। आम भक्तों के साथ हरिद्वार के प्रमुख संतों ने भी महादेव शिव का जलाभिषेक किया और सभी के लिए मंगलकामना की। अखाड़ा परिषद अध्यक्ष एवं श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी के सचिव श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने कनखल स्थित पौराणिक शिवालय दक्ष महोदव मंदिर में जलाभिषेक किया। इस दौरान जलाभिषेक करने आए भक्तों को आशीवर्चन प्रदान करते हुए श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि महाशिवरात्रि पर भगवान शिव की पूजा का विशेष विधान है। जो भक्त किन्हीं कारणों से पूरे वर्ष पूजा नहीं कर पाते हैं। शिवरात्रि पर जलाभिषेक करने से उन्हें पूर्ण पुण्य लाभ की प्राप्ति होती है। आज ही के दिन भगवान शिव की ज्योर्तिलिंग के रूप में संसार में उत्पत्ति हुई थी और आज ही के दिन भगवान शिव का माता पार्वती से विवाह हुआ था। इसलिए इस दिन का विशेष महत्व है।