संत समाज के प्रेरणा स्रोत थे ब्रह्मलीन स्वामी महादेव महाराज-स्वामी ऋषिश्वरानंद

 हरिद्वार। जय मां मिशन की संस्थापक ब्रह्मलीन चक्रवर्ती महामंडलेश्वर उषा माता महाराज के शिष्य ब्रह्मलीन महामंडलेश्वर स्वामी महादेव महाराज का अवतरण दिवस मिशन की सभी शाखाओं और आश्रमों में धूमधाम से मनाया गया। हरिद्वार में श्रवणनाथ नगर स्थित जय मां आश्रम में संतों और मिशन की साध्वियों की और से स्वामी महादेव महाराज का भावपूर्ण स्मरण करते हुए उन्हें नमन किया। इस दौरान चेतन ज्योति आश्रम के परमाध्यक्ष स्वामी ऋषिश्वरानंद ने कहा कि ब्रह्मलीन स्वामी महादेव महाराज संत समाज के प्रेरणा स्रोत थे। जय मां मिशन के माध्यम से मानव कल्याण और सनातन धर्म संस्कृति के प्रचार प्रसार में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। स्वामी रविदेव शास्त्री ने कहा कि ब्रह्मलीन महामंडलेश्वर स्वामी महादेव महाराज संत समाज की दिव्य विभूति थे। उन्होंने अपनी गुरू ब्रह्मलीन चक्रवर्ती महामंडलेश्वर उषा माता महाराज द्वारा स्थापित जय मां मिशन का कुशल संचालन करते हुए उनके अधूरे कार्यो को जिस प्रकार आगे बढ़ाया। वह सभी के लिए अनुकरणीय है। गौ गंगा सेवा धाम ट्रस्ट के अध्यक्ष स्वामी निर्मल दास महाराज ने कहा कि ब्रह्मलीन स्वामी महादेव महाराज ने जीवन पर्यन्त संत परंपरा का पालन करते हुए समाज के निर्बल वर्ग की सेवा में योगदान किया। आज भले ही स्वामी महादेव महाराज हमारे बीच नहीं है। लेकिन उनका आदर्शपूर्ण जीवन सदैव सभी को प्रेरणा देता रहेगा। जय मां मिशन की अध्यक्ष शरण ज्योति मां एवं जीवन ज्योति मां ने कहा कि ब्रह्मलीन स्वामी महादेव महाराज ने पूरे देश में जय मां मिशन का विस्तार किया और मिशन की सेवा परंपरा को मजबूत किया। उनके पदचिन्हों पर चलते हुए मिशन के सेवा कार्यो को आगे बढ़ाना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है। स्वामी ऋषिश्वरानंद, स्वामी हरिहरानंद,स्वामी दिनेश दास,स्वामी पारस मुनि,स्वामी शिवानन्द भारती,जीवन ज्योति मां, शीतल ज्योति मां,पूजा ज्योति मां,शरद ज्योति मां,कमल गुप्ता एव जगदीश चावला सहित कई संतों व साध्वियों ने ब्रह्मलीन स्वामी महादेव महाराज का स्मरण करते हुए उन्हें नमन किया और उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए मानव कल्याण का संकल्प लिया।