पदयात्रा को सफल बनाने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया बैठक का आयोजन

 


हरिद्वार। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के आह्वान पर 9फरवरी को आयोजित पदयात्रा को सफल बनाने के उद्देश्य से श्रमिक नेता राजबीर सिंह चौहान के भेल सेक्टर-3 स्थित इंटक कार्यालय पर बैठक आयोजित की गई। बैठक में अन्य श्रमिक यूनियनों के पदाधिकारी भी शामिल हुए। बैठक को संबोधित करते हुए श्रमिक नेता राजवीर सिंह चौहान ने कहा कि श्रमिकों के हितों को लेकर पद यात्रा 9फरवरी को कचहरी चौक से निकाली जाएगी। श्रमिकों के हितों में एक मांग पत्र भी जिला अधिकारी को सौपा जाएगा। पद यात्रा का समापन गार्डनिया होटल के समीप होगा। राजबीर सिंह चौहान ने कहा कि लगातार फैक्ट्रियां बंद हो रही है। औद्योगिक क्षेत्र के प्रबंधक मनमाना रवैया अपना रहे हैं। फैक्ट्री कर्मियों से 12-12 घंटे काम लिया जा रहा है। वेतन भी सही नहीं दिया जा रहा है। ठेका प्रथा लगातार जारी है। स्थानीय युवाओं को रोजगार नहीं मिल पा रहे हैं। औद्योगिक क्षेत्र बंद हो रहे हैं। सरकार नए रोजगार का सजृन नहीं कर पा रही है। औद्योगिक क्षेत्र में कर्मचारियों की भर्ती नहीं हो रही है। फैक्ट्री से श्रमिकों को निकाला जा रहा है। राजबीर सिंह चौहान ने सरकार द्वारा भेल भूमि मांगे जाने का भी विरोध किया। उन्होंने कहा कि जमीन देने के बाद फैक्ट्री अपना विस्तार नहीं कर पाएगी। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के हितों की लड़ाई जारी रहेगी। किसी भी संघर्ष से पीछे नहीं हटेंगे। पूर्व विधायक रामयश सिंह एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता महेश प्रताप राणा ने कहा कि निजी कारखाने बंद हो रहे हैं। फैक्ट्री से श्रमिकों को बाहर किया जा रहा है। श्रम कानून का कोई पालन नहीं हो रहा है। कर्मचारियों का शोषण किसी भी रूप में सहन नहीं किया जाएगा। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत मजदूर किसानों की आवाज को उठा रहे हैं। यह पदयात्रा सफलता के नए आयाम रचेगी। सीपी सिंह व विकास सिंह ने कहा कि श्रमिक महंगाई का दंश झेल रहे हैं। कम वेतन के कारण श्रमिक अपने परिवारों का भरण पोषण नहीं कर पा रहे हैं। सरकार इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रही है। श्रमिकों के संघर्ष की लड़ाई जारी रहेगी। इस दौरान मुनिरका यादव,एमपी जखमोला,अमित नौटियाल,बीएस तेजियान,महेंद्रसिंह वर्मा, अमित,अशोक उपाध्याय,मुकुल राज,पीडी बलोनी,घनश्याम सिंह यादव,अश्वनी चौहान,रविंद्र चौहान आदि मौजूद रहे।