संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा-रवि चोपड़ा


 हरिद्वार। रविवार को पीडीए की और से संविधान एवं लोकतंत्र बचाओ अभियान की शुरूआत करते हुए संगोष्ठी का आयोजन किया गया। लोहिया वाहिनी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष चन्द्रशेखर यादव के संयोजन तथा समाजवादी युवजन सभा के राष्ट्रीय सचिव आशीष यादव के सहसंयोजन में नया हरिद्वार स्थित सेन धर्मशाला में आयोजित संगोष्ठी की अध्यक्षता समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव डा.सत्यनारायण सचान ने की। संगोष्ठी में कई दलों व संगठनों के नेता शामिल हुए। मुख्य वक्ता प्रो.रवि चोपड़ा ने कहा कि संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा। नफरत फैलाकर समाज को बांटने वालों को चुनाव में हराना होगा। इसके लिए अधिक से अधिक मतदान करना होगा। लोगों को मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करने और जिन लोगों के वोट नहीं बन सके है। उनके वोट बनवाने के लिए अभियान चलाना होगा। उन्होंने कहा कि एकजुटता से ही संविधान व लोकतंत्र की रक्षा की जा सकती है। वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी कमला पंत ने कहा कि हल्द्वानी की घटना बेहद निंदनीय है। पूरे प्रदेश में अफरातफरी का माहौल हैै। अपराध व भ्रष्टाचार बढ़ रहा है। जाति धर्म की राजनीति कर समाज को बांटने वालों को जवाब देने तथा लोकतंत्र व संविधान की रक्षा के लिए आमजन को एकजुट होना होगा। कार्यक्रम के संयोजक चन्द्रशेखर यादव तथा सह संयोजक आशीष यादव ने कहा कि जिस प्रकाश जयप्रकाश नारायण ने संपूर्ण क्रांति का आह्वान कर जनता की आवाज को मजबूत किया था और लोकतंत्र की रक्षा की थी। आज फिर ऐसा ही अभियान चलाए जाने की आवश्यकता है। संगोष्ठी की अध्यक्षता कर रहे डा.सत्यनारायण सचान ने कहा कि हल्द्वानी की घटना बेहद निंदनीय है। इसकी न्यायिक जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि संविधान और लोकतंत्र भारत की आत्मा हैं। संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए सभी को आगे आना होगा। संगोष्ठी में चन्द्रशेखर यादव,आशीष यादव,कामरेड महेंद्र सिंह,आरपी जखमोला,वरिष्ठ कांग्रेस नेता हाजी नईम कुरैशी,कामेश्वर यादव,पदम सिंह बालियान,सुनील कुमार,विजय यादव, आकाश, रितुराज भारती, महेंद्र यादव,अवधेश यादव,सहदेव बालियान, मणि कुमार, नितेश पाल, वासुदेव,अनिल केहड़ा,सुमित भारद्वाज,विवेक कुमार,आदेश उपाध्याय,दीक्षान्त शर्मा,आदित्य,प्रिंस यादव,विजय यादव,राम सागर,रूपलाल यादव,सहदेव आदि सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।