कोटि होमात्मक श्री विष्णु महायज्ञ से होगा विश्व का कल्याण-रामानंदाचार्य स्वामी अयोध्याचार्य

 हरिद्वार। जगद्गुरू रामानंदाचार्य स्वामी अयोध्याचार्य महाराज के संयोजन में बैरागी कैंप में आयोजित कोटि होमात्मक श्री विष्णु महायज्ञ का शुभारंभ प्रायश्चित,हेमान्द्री,दसविधा स्नान व वरूण पूजन के साथ किया गया। इसके पश्चात विद्वान ब्राह्मणों की देखरेख में गणेश पूजन, पुण्याहवाचन, मातृका पूजन,आयूष्यमंत्र जाप नान्दी श्राद्ध,ब्राह्मण वरण,वर्द्धिनी पूजन यज्ञ मण्डप प्रवेश आदि धार्मिक क्रियाकलाप आयोजित किए गए। यज्ञ के दौरान उपस्थित श्रद्धालु भक्तों को संबोधित करते हुए जगद्गुरू रामानंदाचार्य स्वामी अयोध्याचार्य महाराज ने कहा कि कोटि होमात्मक श्री विष्णु महायज्ञ से विश्वकल्याण का मार्ग प्रशस्त होगा। स्वामी अयोध्याचार्य महाराज ने कहा कि सनातन धर्म संस्कृति में हवन यज्ञ का विशेष महत्व है। यज्ञ में दी जाने वाली आहुतियों से उठने वाला धुंआ जहां-जहां आवरण बनाता है। उस क्षेत्र में व्याप्त समस्त नकरात्मकता दूर हो जाती है और सकारात्मकता का वास होता है। जिससे समस्त मनुष्यों में सकारात्मक विचारों का उदय होता है और शांति और सद्भाव का वातावरण बनता है। उन्होंने कहा कि सभी को धार्मिक क्रियाकलापों में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करनी चाहिए। महंत राजेंद्रदास महाराज ने बताया कि 23फरवरी तक चलने वाले कोटि होमात्मक श्री विष्णु महायज्ञ के दौरान अनेक विशेष अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। 23 फरवरी को संत समागम का आयोजन किया जाएगा। जिसमें पूरे देश के संत,प्रमुख राजनेता,गणमान्य व्यक्ति एवं श्रद्धालु सम्मिलित होंगे। इस अवसर पर बाबा हठयोगी, महंत रघुवीर दास, श्रीमहंत विष्णु दास,महंत प्रमोद दास,महंत सूरज दास,महंत बिहारी शरण,स्वामी अंकित शरण,महंत प्रह्लाद दास,महंत गोविंद दास,महंत प्रेमदास,महंत राजेंद्र दास,महंत दुर्गादास,महंत नारायण दास पटवारी सहित अनेक संत महंत मौजूद रहे।