यज्ञ करने से प्रसन्न होते हैं देवी देवता-पंडित पवन कृष्ण शास्त्री

 


हरिद्वार। श्री राधा रसिक बिहारी भागवत परिवार सेवा ट्रस्ट के तत्वाधान में वसंत विहार कालोनी ज्वालापुर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के आठवें दिवस पर भागवताचार्य पंडित पवन कृष्ण शास्त्री ने यज्ञ की महिमा का वर्णन करते हुए बताया कि प्रत्येक व्यक्ति को यज्ञ अवश्य करना चाहिए। यज्ञ करने से भगवान नारायण एवं समस्त देवी देवता प्रसन्न होते हैं। शास्त्री ने कहा कि ब्रह्मा के सृष्टि की रचना करने के बाद सभी देवी देवता उनके पास आए और कहने लगे कि हमारी भूख शांत नहीं हो रही है। पेट भर के हमें कुछ मिलता ही नहीं है। आप कुछ उपाय कीजिए। देवताओं के निवेदन पर ब्रह्मा ने स्वाहा नाम की एक कन्या को उत्पन्न किया और उस कन्या का विवाह यज्ञ नारायण के साथ कर दिया। ब्रह्मा ने कहा आज से जिस भी देवी देवता का नाम लेकर यज्ञ करते हुए स्वाहा का उच्चारण कर आहुति दी जाएगी। वह आहुति उसी देवता को प्राप्त हो जाएगी। जिससे समस्त देवी देवताओं के आहार की व्यवस्था बनेगी। तभी से प्रत्येक घर में यज्ञ की परंपरा प्रारंभ हुई।शास्त्री ने बताया यज्ञ करने से देवी देवताओं की तृप्ति होती है और उनकी कृपा से घर में सुख, समृद्धि,धन,धान्य, आयु व आरोग्य की वृद्धि होती है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को नित्य अपने घर में यज्ञ करना चाहिए। यदि नित्य न कर सकें तो पूर्णमासी एवं सक्रांति या अमावस पर यज्ञ अवश्य करें। कथा के दौरान सभी भक्तों ने मिलकर यज्ञ ककिया और यज्ञ के उपरांत प्रसाद वितरण किया गया।  मुख्य जजमान शांति दर्गन,तिलकराज दर्गन,स्वेता दर्गन,सुमित दर्गन,वीना धवन,अंसुल धवन,विजेंद्र गोयल,मंजू गोयल,प्रमोद पांधी, अंजु पांधी,रंजना सचदेवा,रघुवीर कौर, संजीव मेहता, राजीव मेहता,प्रीती मेहता,भावना मेहता आदि ने भागवत पूजन कर कथाव्यास से आशीर्वाद प्राप्त किया ।