नमो नमो मोर्चा ने राम मंदिर आंदोलन में योगदान के लिए पूर्व भाजपा जिला ध्यक्ष को किया सम्मानित


 हरिद्वार। नमो नमो मोर्चा के प्रदेश संरक्षक विकास तिवारी के नेतृत्व व भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष रंजीता झा के संयोजन में राम मंदिर निर्माण आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाने वाले पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ को उनके मंदिर निर्माण आंदोलन में किए गए योगदान के लिए उनके आवास पर पहुंचकर सम्मानित किया। इस अवसर पर पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष काशीनाथ ने बताया कि राम मंदिर निर्माण आंदोलन के दौरान वे डेढ़ माह तक मेरठ जेल में रहे। उन्होंने अपने संस्मरण सुनाते हुए कहा कि 1990 में जब वे जेल में थे तो भाई दूज के त्यौहार पर मेरठ की सैकड़ो बहनों ने जेल में आकर हम सबको तिलक लगाया और सूखे गोले भेंट कर भाई दूज की बधाई दी थी। जेल का वह मंजर याद कर भावुक होते हुए उन्होंने कहा कि आज बहुत खुशी है कि उनकी आंखों के सामने भव्य श्रीराम मंदिर में राम लला की प्राण प्रतिष्ठा होने जा रही है। भाजपा जिला उपाध्यक्ष एवं नमो नमो मोर्चा के संरक्षक विकास तिवारी ने कहा कि आज देश भर में काशीनाथ जैसे हजारों लोग हैं। जिनके संघर्ष और बलिदान के स्वरूप यह सुखद घड़ी आई है। काशीनाथ को सम्मानित कर हम सभी लोग खुद सम्मानित और गौरवान्वित हो रहे हैं। इस अवसर पर नमो-नमो मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील पाण्डेय, प्रदेश अध्यक्ष आईटी सेल तरुण शुक्ल,जिला महामंत्री शिवशंकर पाण्डेय,भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष इन्द्र राज दुग्गल,उपेन्द्र शर्मा,रविन्द्र कुमार,सतीश चौहान ,पंकज चौहान, सुधा राठौर, संगीता बंसल, पुष्पा पाल, सपना शर्मा प्रमुख रूप से शामिल रहे।