आध्यात्मिक शक्ति देश की अक्षुण्ण संस्कृति की रक्षा करते हैं-राजनाथ सिंह

 लोकसभा अध्यक्ष, रक्षामंत्री हुये तीन दिवसीय दिव्य अध्यात्मिक महोत्सव में शामिल


हरिद्वार। हरिहर आश्रम कनखल में आयोजित दिव्य आध्यात्मिक महोत्सव को संबोधित करते रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि जिस तरह मिलिट्री देश की सीमाओं की रक्षा करते हैं। उसी तरह आध्यात्मिक शक्ति देश की अक्षुण्ण संस्कृति की रक्षा करते हैं। रक्षा मंत्री ने कहा कि कोई राजदायित्व का निर्वहन कर रहा है या नहीं इसकी समीक्षा करने का अधिकार भी सन्यासियों को है। जब तक संस्कृति है संतों और सन्यासियों की यह भूमिका बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि सन्यासी अहम से वयम की यात्रा है। सन्यासी बनते ही सन्यासी चराचर जगत के कल्याण के लिए कार्य करते हैं। वसुधैव कुटुंबकम का संदेश दुनिया में किसी धरती से गया है तो वह भारत है। इसका श्रेय सन्यासी समाज को ही जाता है। उन्होंने कहा कि विदेशी आक्रांताओं ने भारत की सांस्कृतिक चेतना को नष्ट करने का प्रयास किया। इसके लिए उन्होंने सबसे पहले संतों को निशाना बनाया लेकिन इन विदेशी आक्रांताओं के आगे संत झुके नहीं जिससे आज भी सनातन अजर अमर है। आज नई पीढ़ी भी भारतीय संस्कृति को समझने लगी है इसका श्रेय भी संतों को जाता है। रक्षा मंत्री ने कहा कि स्वामी अवधेशानंद आचार्य पीठ पर समाज के प्रति अपने दायित्वों का भली-भांति निर्वहन कर रहे हैं। पर्यावरण से लेकर शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि संन्यासियों का इस राष्ट्र की संस्कृति से गहरा जुड़ाव है।सामाजिक,सांस्कृतिक और राजनीतिक व्यवस्था से भी संन्यासियों का जुड़ाव रहा है। आवश्यकता पड़ी तो राजनीतिक व्यवस्था के बदलाव में भी इन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। केंद्रीय रक्षा मंत्री ने सनातन पर उपहास करने वालों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उन्हें इसमें आत्मिक अनुभूति होती है। रक्षा मंत्री ने आध्यात्मिक महोत्सव में बंकिमचन्द्र चटर्जी के उपन्यास आनन्द मठ का उल्लेख करते हुये कहा कि किस प्रकार से संन्यासियों ने अंग्रेजों के खिलाफ विद्रोह छेड़ दिया था। उन्होंने कहा कि संन्यासियों का देश की सामाजिक, सांस्कृतिक व्यवस्था से हमेशा जुड़ाव रहा है तथा जब भी आवश्यकता पड़ी, उन्होंने इनके उत्थान में बड़ा योगदान दिया। उसी की वजह से हम अपनी संस्कृति पर गर्व करते हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का उल्लेख करते हुये राजनाथ सिंह ने कहा कि उनके नेतृत्व में भारतीय सांस्कृतिक विरासत के उन्नयन एवं समृद्धि के लिये निरन्तर कार्य किये जा रहे हैं, जिनमें काशी कारीडोर, उज्जैन,अयोध्या में राम मन्दिर, केदारनाथ मन्दिर परिसर में कार्य कराया जाना आदि प्रमुख हैं। लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने आध्यात्मिक महोत्सव में सभी को नमन करते हुये कहा कि जूना पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज ने तप, तपस्या तथा आध्यात्मिक मूल्यों का संरक्षण करते हुये लाखों सन्तों को दीक्षा दी तथा देश व दुनिया में वे संस्कृति के वाहक के रूप में प्रख्यात हैं तथा उनका ज्ञान दिव्य अनुभूति देता है। उन्होंने कहा कि जितने भी सन्त यहां विराजमान हैं, उन्होंने अपने जीवन को समर्पित करते हुये चुनौतियों व कठिनाइयों से लड़ने का ज्ञान दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गोस्वामी तुलसीदास के रामचरित मानस की पंक्ति-सन्त समागम हरि कथा तुलसी दुर्लभ होय....का उल्लेख करते हुये दिव्य आध्यात्मिक महोत्सव में सभी सन्तों को नमन किया। उन्होंने जूना पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज का उल्लेख करते हुये कहा कि उनके व्यक्तित्व में चुम्बकीय तत्व हैं,जो भी उनके सम्पर्क में आता है, तो वह उनकी ओर खींचा चला जाता है। उन्होंने कहा कि आज यहां समृद्ध सन्त परम्परा के एक साथ दर्शन हो रहे हैं, जो वसुधैंव कुटुम्बकम् को चरितार्थ कर रहा है। उन्होंने कहा कि आचार्य जूनापीठाधीश्वर भारत को विश्व गुरू के पद पर प्रतिस्थापित करने के लिये निरन्तर प्रयासरत रहते हैं। उन्होंने कहा कि यह उत्सव आध्यात्मिक जागरण के क्षेत्र में नई पीढ़ी का मार्ग प्रशस्त करेगा। आध्यात्मिक महोत्सव को महामण्डलेश्वर स्वामी यतीन्द्रानन्द गिरि,स्वामी चिदानन्द मुनि,स्वामी रामदेव,सांसद सुधांशु त्रिवेदी, सुरेश चौहान आदि ने भी सम्बोधित किया। मंच संचालन स्वामी हरिचेतनानन्द ने किया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह,लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला का हरिद्वार पहुंचने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं विशिष्ठजनों ने भव्य स्वागत व अभिनन्दन किया। इस अवसर पर जगद्गुरू स्वामी राज राजेश्वराश्रम,निर्वाण पीठाधश्वर,अटल पीठाधीश्वर,स्वामी अपूर्वानन्द महाराज,दिनेश,सांसदडा.रमेश पोखरियाल निशंक,सांसद महेश शर्मा,कैबिनेट मंत्री प्रेमचन्द्र अग्रवाल,गणेश जोशी,नगर विधायक मदन कौशिक,आचार्य बालकृष्ण,डा.प्रणव पाण्डया,पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानन्द ,राजेश अग्रवाल,जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल,एसएसपी प्रमेन्द्र डोभाल,पूर्व कैबिनेट मंत्री महेन्द्र सिंह,अशोक चौहान,अजय कुमार,पूर्व विधायक संजय गुप्ता,सुरेश राठौर, पूर्व मेयर मनोज गर्ग, भाजपा जिला अध्यक्ष संदीप गोयल,शोभाराम प्रजापति,उपाध्यक्ष लव शर्मा,आशू चौधरी,मैत्रेय पाणी,सुश्री मालिनी अवस्थी, देश-विदेश से आये हुये साधु-सन्त,आध्यात्मिक जगत से जुड़े हुये विशिष्ठजन सहित सम्बन्धित पदाधिकारी एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।