गौसेवा से मिलता है सभी देवी देवताओं का आशीर्वाद-पंडित पवन कृष्ण शास्त्री


 हरिद्वार। बिल्केश्वर कालोनी में कार्तिक आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के छठे दिन श्रद्धालुओं को कथा सुनाते हुए भागवताचार्य पंडित पवन कृष्ण शास्त्री ने बताया कि प्रत्येक व्यक्ति को गौ सेवा अवश्य करनी चाहिए। श्रीकृष्ण गौ सेवा करते थे। शास्त्री ने बताया कि जब तक भगवान श्रीकृष्ण वृंदावन में रहे। तब तक उन्होंने चरण पादुका धारण नहीं की। एक बार मैया यशोदा ने कृष्ण से कहा कि तुम नंगे नंगे पैरों गौ चारण के लिए वन में जाते हो। तुम्हारे पैरों में कंकड,़ पत्थर, कांटे चुभ जायेंगे। इसलिए तुम चरण पादुका पहन लो। इस पर कृष्ण ने कहा कि मैया मेरी गौ माता नंगे नंगे पैरों चलती है। यदि तुम गौ माता को भी चरण पादुका पहनाओ तो मैं भी चरण पादुका पहन लूंगा। नंद बाबा के पास नौ लाख गाय थी। ना मैया यशोदा नौ लाख गौ माता को चरण पादुका पहना पाई और ना ही कन्हैया ने चरण पादुका धारण की। कृष्ण ने हमेशा गौमाता को अपना इष्ट अपना आराध्य मान कर उनकी सेवा की। हम और आप भी कृष्ण भक्त तभी कहलाएंगे। जब गौ माता की सेवा करेंगे। गौ माता के भीतर तेतीश कोटि देवी देवताओं का वास माना जाता है। जिसने अपने जीवन में गौ माता की सेवा कर ली। उसे समस्त देवी देवताओं की सेवा का पुण्य व आशीर्वाद प्राप्त हो जाता है। अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी ने भी भागवत कथा का श्रवण किया और कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को भागवत कथा का आयोजन करना चाहिए। भागवत कथा के आयोजन व श्रवण से धर्म,अर्थ,काम और मोक्ष की प्राप्ति होती है। विधायक मदन कौशिक ने कहा कि समाज में फैल नहीं विकृतियों को दूर करने के लिए भागवत कथा का आयोजन किया जाना चाहिए। इस अवसर पर बगलामुखी साधक संतोष आनंद महाराज ने भी श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया। मुख्य जजमान एकता सूरी,सुरेश कुमार सूरी,पीयूष सूरी,दीपक सूरी, ज्योति सूरी,तनिष्का सूरी,रेशम सूरी,दिनेश सूरी,हर्ष सूरी, राहुल सूरी,सोनिया सूरी, भजनलाल सूरी व उपस्थित सभी श्रद्धालुओं ने भागवत पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।