मनसा देवी मंदिर में पवित्र छड़ी का अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी ने किया स्वागत

 


हरिद्वार। श्री पंचदशनाम जूना अखाड़े की पवित्र छड़ी नगर परिक्रमा करते हुए शुक्रवार को मनसा देवी मंदिर पहुंची। जूना अखाड़े के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमहंत प्रेम गिरि महाराज के नेतृत्व में नागा संन्यासियों के साथ मनसा देवी मंदिर पहुंची पवित्र छड़ी का अखाड़ा परिषद एवं मां मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज,भारत माता मंदिर के महंत निरंजनी अखाड़े के महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरी ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया और पूजा अर्चना कर विश्व कल्याण की कामना की। श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के कण-कण में देवी देवताओं का वास है। पवित्र छड़ी के उत्तराखंड के चारों धाम सहित सभी पौराणिक तीर्थो के भ्रमण से राज्य में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों को रोजगार प्राप्त होगा। महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरी ने कहा कि पवित्र छड़ी के दर्शन मात्र से ही समस्त तीर्थो का फल प्राप्त हो जाता है। जूना अखाड़े द्वारा निकाली जा रही पवित्र छड़ी यात्रा से धर्म के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। श्रीमहंत प्रेम गिरि ने बताया कि पिछले पांच वर्षो से पवित्र छड़ी उत्तराखंड के चारों धाम सहित सभी पौराणिक तीर्थो का भ्रमण कर रही है। उन्होंने बताया कि हरिद्वार के सभी पौराणिक मंदिरों व धर्मस्थलों का भ्रमण करने के पश्चात पवित्र छड़ी गढ़वाल मंडल के केदार खंड तथा कुमायूं मंडल के मानस खंड के सभी पौराणिक तीर्थो की यात्रा करेगी। इस दौरान यात्रा में शामिल संत धार्मिक अनुष्ठान करेंगे और राष्ट्र की खुशहाली,उन्नति व विकास के लिए प्रार्थना करेंगे। इस अवसर पर जूना अखाड़े के सचिव श्रीमहंत महेश पुरी,श्रीमहंत शैलेंद्र गिरी,श्रीमहंत सुरेशानंद सरस्वती, श्रीमहंत पूर्णागिरि,श्रीमंहत शिवदत्त गिरी,महंत धीरेंद्र पुरी,स्वामी राजगिरी,महंत रामगिरी,महंत महाकाल गिरी,महंत राजेंद्र गिरि,महंत आदित्य गिरि,महंत दीपक गिरी,महंत रतन गिरी,स्वामी राजगिरी,अनिल शर्मा,सचिन अग्रवाल,धीरज गिरी,पवन गिरी,संतोष दीक्षित, द्वारिका मिश्रा, महेश गिरी आदि मौजूद रहे।