असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर लगाम लगाए पुलिस प्रशासन-सुनील अरोड़ा
हरिद्वार। उत्तरांचल पंजाबी महासभा के सुनील अरोड़ा ने पुलिस प्रशासन से असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर लगाम लगाने की मांग की है। सुनील अरोड़ा ने कहा कि शहर में लगातार असामाजिक तत्वों की संख्या बढ़ रही है। प्रेमनगर पुल के नीचे, शंकराचार्य चौक पुल के नीचे, कांवड़ पटरी मार्ग पर असामाजिक तत्व लगातार सक्रिय हैं। सुनील अरोड़ा ने पुलिस प्रशासन से पुलों एवं घाटों के आसपास रह रहे लोगों का सत्यापन करने की मांग की है। सुनील अरोड़ा ने कहा कि सवेरे और शाम के समय महिलाएं और वृद्धजन घूमने के लिए जाते हैं। ऐसे में कांवड़ पटरी मार्ग एवं आसपास के गंगा तटों पर असामाजिक तत्व सक्रिय हो रहे हैं। पुल के नीचे बड़ी संख्या में लोग रह रहे हैं। जिनका कोई अता पता नहीं है। कभी भी स्नेचिंग जैसी वारदातें हो जाती हैं। पुलिस को ऐसे क्षेत्रों में सत्यापन व चेकिंग अभियान चलाना चाहिए। बड़ी संख्या में पुलों एवं घाटों के नीचे निवास कर रहे लोग गंदगी भी फैला रहे हैं। जिससे लोगों को भारी असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है। जनहित में पुलिस को सत्यापन अभियान चलाकर सुरक्षा को प्राथमिकता देनी चाहिए।