सखि बहिनपा मैथिलानी समूह इकाई हरिद्वार का सावन (मधुश्रावणी) मिलन आज

 


हरिद्वार। सखि बहिनपा मैथिलानी समूह इकाई हरिद्वार की सखियां सावन,मधुश्रावणी मिलन का बेसब्री से इंतजार कर रही है। रविवार,13 अगस्त को होने वाले सावन मिलन,मधुश्रावणी मिलन के साथ ही सखियों का इंतजार समाप्त होने जा रहा है। स्थानीय होटल में आयोजित कार्यक्रम को लेकर सभी सखियां बेहद उत्साहित है। मैथिली परंपरा-संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए विख्यात अंतरराष्ट्रीय संस्था सखि बहिनपा मैथिलानी समूह इकाई हरिद्वार का मधुश्रावणी मिलन समारोह 13 अगस्त,दिन-रविवार को होटल न्यू क्लासिक हेरिटेज, शिवालिक नगर में आयोजित किया जा रहा है। सावन मिलन को लेकर सखियों में बेहद उत्साह है। मिथिला में मधुश्रावणी पर्व का विशेष महत्व है। समस्त मिथिला में सावन माह की हरियाली में सभी सखियां एकजुट होकर सज-धजकर,नृत्य-संगीत,गायन-वादन के साथ आनंदपूर्वक उत्साह और उमंग के साथ पर्व को मनाती हैं। कार्यक्रम संयोजक रश्मि सखि ने कहा कि मधुश्रावणी व्रत बिहार के मिथिलांचल का मुख्य पर्व है। मधुश्रावणी का व्रत नव विवाहित औरतें अपने मायके में मनाती हैं। इस व्रत में पत्नी अपने पति की लंबी आयु की कामना करती है। इस व्रत में विशेष पूजा गौरी शंकर की होती है। सावन का महीना आते ही मधुश्रावणी के गीत गूंजने लगते हैं। मधुश्रावणी की तैयारियों में सभी शादीशुदा महिलाएं जुड़ जाती हैं। यह त्योहार महिलाएं बहुत ही धूम धाम के साथ दुल्हन के रूप में सज धज कर मनाती हैं। देवी माता पार्वती और भगवान शिव जी की पूजा की जाती है। इसी दिन पत्नी अपने पति की लंबी उम्र की कामना करती है। इस दिन कई तरह की कहानियां और कथाएं बुजुर्गों द्वारा सुनाई जाती है। मोनी सखि ने कहा कि मधुश्रावणी पर्व में प्रकृति की भी सबसे महत्वपूर्ण भूमिका है। मिट्टी और हरियाली से जुड़ी इस पूजा के पीछे पति की लंबी आयु की कामना होती है। रंजना सखि ने कहा कि मधुश्रावणी जीवन में सिर्फ एक बार शादी के पहले सावन को किया जाता है। यह व्रत नवविवाहित महिलाएं करती है। यह पूजा लगातार 14 दिनों तक चलती है। इन दिनों सुहागन व्रत रखकर मिट्टी और गोबर से बने विशहारा और गौरी शंकर का विशेष पूजा कर महिला पुरोहिताइन से कथा सुनती है। मोनी सखि, रंजना सखि,राखी सखि,रंजीता सखि, वाणी सखि,किशोरी सखि, किरण सखि,प्रतिका सखि,मीनाक्षी सखि ज्योति सखि,श्वेता सखि,रीना सखि एवं रश्मि सखि सहित अन्य सखियों ने धमाल मचाने की पूरी तैयारी कर ली है।