लचर कानून व्यवस्था का आरोप लगाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फूंका सरकार का पुतला

 


हरिद्वार। जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी ने भाजपा नेताओं पर महिलाओं का शोषण और प्रदेश में लचर कानून व्यवस्था का आरोप लगाते हुए देवपुरा चौक पर प्रदर्शन कर सरकार का पुतला फूंका। प्रदर्शन के दौरान महानगर अध्यक्ष सतपाल ब्रह्मचारी और कार्यकारी अध्यक्ष अमन गर्ग ने कहा कि पथरी क्षेत्र में भाजपा नेता द्वारा महिला के साथ अश्लील हरकत से पूरे क्षेत्र में रोष व्याप्त है। उन्होंने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था पूरी लचर होने की वजह से अपराधियों में कानून का भय नहीं है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य मुरली मनोहर और वरिष्ठ नेता महेश प्रताप राणा ने कहा कि डबल इंजन सरकार में महिलाओं के साथ हो रहे उत्पीड़न से समाज में रोष व्याप्त है। ऐसी घटनाओं पर लगाम नहीं लगी तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। पार्षद राजीव भार्गव और पार्षद इसरार सलमानी ने कहा कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा देने वाली सरकार में सबसे ज्यादा अत्याचार बेटियों पर हो रहे हैं। महिला कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष अंजू मिश्रा और शशि झा ने कहा कि डबल इंजन सरकार में महिलाओं के साथ हो रहे अत्याचार से साफ है कि यह सरकार महिलाओं को सुरक्षा देने में असमर्थ है। वरिष्ठ नेता सोम त्यागी और ब्लॉक अध्यक्ष विकास चंद्रा ने कहा कि सरकार राज्य में अपराध रोकने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। अपराधी इतने बेखौफ हैं कि राज्य की राजधानी देहरादून में सरकार की नाक के नीचे एक महिला की हत्या कर लाश कूड़ेदान में फेंक दी जाती है। प्रदर्शन करने वालों में ब्लॉक अध्यक्ष जतिन हाण्डा,नईम कुरैशी,नितिन तेश्वर, शुभम जोशी,पार्षद रियाज अंसारी,जफर अब्बासी, तहसीन अंसारी,अशोक गुप्ता, ऋषभ अरोड़ा, राकेश गुप्ता,प्रशांत शर्मा,जितेंद्र सिंह,ओम मलिक,करण सिंह राणा,अशोक गुप्ता, अनिल ठाकुर,नितिन यादव,अंजु द्विवेदी,रचना शर्मा,रेखा गुप्ता,बिंदु शर्मा,श्रुति गुप्ता,ज्योति,सोनू लाला,समर्थ अग्रवाल, कार्तिक शर्मा, अवधेश सिंह आदि प्रमुख रूप से शामिल रहे।