शिव शक्ति की भक्ति से जीवन भवसागर से पार हो जाता है-महंत निर्मल दास
हरिद्वार। महंत निर्मल दास महाराज ने कहा कि शिव शक्ति की भक्ति करने वाले का जीवन भवसागर से पार हो जाता है। श्री गरीबदासीय आश्रम में लोक कल्याण के लिए आयोजित विशेष अनुष्ठान के दौरान महंत निर्मल दास महाराज ने कहा कि भगवान शिव को समर्पित सावन हरियाली, शुभता और पवित्रता का महीना है। सावन में पूर्ण भक्ति भाव से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने से समस्त कष्ट दूर हो जाते हैं। स्वामी रविदेव शास्त्री ने कहा कि जन जन के आराध्य भगवान शिव समस्त जग का कल्याण करते हैं। सभी पूर्ण श्रद्धाभाव से भगवान शिव की आराधना करनी चाहिए। भगवान शिव की आराधना करते हुए माता पार्वती का भी ध्यान अवश्य करें। ऐसा करने से शिव और शक्ति की सम्मिलित कृपा प्राप्त होती है। जिससे जीवन का कल्याण होता है। अनुष्ठान के मुख्य जयमान अरविन्द कुमार एवं श्रीमती सरस्वती ने सभी संतों का फूलमाला पहनाकर स्वागत कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान स्वामी हरिहरानंद, स्वामी दिनेश दास सहित कई संत मौजूद रहे।