चंद्रयान की सफल लैंडिंग की कामना को लेकर अखाड़ा परिषद अध्यक्ष ने किया यज्ञ
हरिद्वार। अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने निरंजनी अखाड़ा स्थित चरण पादुका मंदिर प्रांगण में चंद्रयान की चंद्रमा के दक्षिण धु्रव पर सफल लैंडिंग की कामना को लेकर विशेष यज्ञ का आयोजन किया। इस दौरान श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि मिशन चंद्रयान 3 की सफलता के लिए 14 अगस्त से अनुष्ठान किया जा रहा है। आज का दिन ऐतिहासिक है, भारत एक नया इतिहास रचने जा रहा है। पूरा देश चंद्रयान 3 की सफल लैंडिंग के लिए प्रार्थना कर रहा है। मां मनसा देवी व गंगा मैय्या की कृपा से चंद्रयान की चंद्रमा के दक्षिणी धु्रव सफल लैंडिंग के बाद भारत अंतरिक्ष की महाशक्ति के रूप में स्थापित हो जाएगा। उन्होंने कहा कि चंद्रयान 2 की चंद्रमा के दक्षिणी धु्रव पर सफलतापूर्वक लैंडिंग नहीं होने से इस मिशन से जुड़े वैज्ञानिक निराश हो गए थे तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे बढ़कर सभी का हौसला बढ़ाया और प्रयास जारी रखने को कहा। नई तकनीक से लैस चंद्रयान 3 चंद्रमा के दक्षिण धु्रव की सतह के बेहद करीब पहुंच चुका है और सफलता पूर्वक लैंड करेगा। निंरजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रामरतन गिरी एवं भारत माता मंदिर के महंत महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरी ने कहा कि चंद्रयान 3की सफल लैंडिंग एक भारत के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि होगी।