देवभूमि भैरव सेना संगठन की महिला मोर्चा शहर अध्यक्ष ने शुरू किया अनशन
हरिद्वार। मांस की दुकानों को शहर से बाहर करने और शराब के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने की मांग को लेकर देवभूमि भैरव सेना संगठन ने ज्वालापुर स्थित श्रीराम चौक पर अनिश्चितकालीन धरना और अनशन शुरू कर दिया है। संगठन की और से महिला मोर्चा शहर अध्यक्ष शिल्पी ग्रोवर अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठी हैं। देवभूमि भैरव सेना संगठन के जिला अध्यक्ष चरणजीत पाहवा ने कहा कि धर्मनगरी हरिद्वार से करोड़ों लोगों की आस्था जुड़ी है। संगठन पिछले कई वर्षो से धर्मनगरी की मर्यादा बनाए रखने के लिए मांस के समस्त कारोबार को नगर निगम की सीमा से बाहर करने और शराब के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने की मांग कर रहा है। मांस की दुकानों का वेस्ट गंगा में जाने से गंगा प्रदूषित हो रही है। बार बार मांग करने के बावजूद प्रशासन इस संबंध में प्रभावी कार्रवाई करने में नाकाम रहा है। महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष सरिता मिश्रा ने कहा कि धर्मनगरी की मान मर्यादा का पालन किया जाना चाहिए। अनशन पर बैठी महिला मोर्चा शहर अध्यक्ष शिल्पी ग्रोवर ने कहा कि संगठन किसी को मांस खाने से नहीं रोक रहा है। संगठन की स्पष्ट मांग है कि मांस की सभी दुकानों को नगर निगम क्षेत्र से बाहर कर शराब के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाया जाए। इस दौरान जिलाध्यक्ष चरणजीत पाहवा, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष सरिता मिश्रा,रानी सिंह,पंडित अधीर कौशिक,बक्शी चौहान,सौरभ चौहान,विक्की चौहान,दिवाकर वर्मा,अनिल सैनी ,सतेंद्र यादव,संजय मेहरा,विश्व चौहान,पारस चौहान,श्याम सुंदर शर्मा,विजेंद्र पवार,विनय प्रजापति,अरविंद चौहान,संचित ग्रोवर,लव चौहान,विशाल प्रजापति मनी चौहान,मुकेश चौहान, संचित जैन,मुकेश गुप्ता आदि मौजूद रहे।