शिव कृपा से होती है सुख समृद्धि और वैभव की प्राप्ति-स्वामी कैलाशानंद गिरी

 हरिद्वार। श्री दक्षिण काली मंदिर प्रांगण में विश्व कल्याण के लिए निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरि महाराज की विशेष शिव आराधना सातवें दिन भी जारी रही। स्वामी कैलाशानंद गिरी ने विभिन्न प्रकार के पुष्पों से शिवलिंग का विशेष श्रंग्रार कर गंगाजल,पंचामृत व अन्य द्रव्यों से भगवान शिव का अभिषेक किया। श्रद्धालु भक्तों को शिव आराधना का महत्व बताते हुए स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज ने कहा कि शिव कृपा से श्रद्धालु को सुख समृद्धि व वैभव की प्राप्ति होती है। पूरे सावन हरिद्वार में निवास करने वाले देवों के देव महादेव भगवान शिव की महिमा अपरंपार है। उनकी कृपा का पात्र जो व्यक्ति बन जाता है। उसका जीवन स्वयं ही उन्नति की ओर अग्रसर हो जाता है। उन्होंने कहा कि सावन में सच्चे मन से की गई भगवान शिव की आराधना से साधक का जीवन बदल जाता है और चरित्र उत्तम बनता है। जिससे भक्त के कल्याण का मार्ग प्रशस्त होता है। महादेव शिव अपने भक्तों के सभी कष्ट दूर कर उनकी सभी मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं। इस अवसर पर यूपी के विधायक संगीत सोम,स्वामी अवंतिकानंद ब्रह्मचारी,बालमुकुन्दानन्द ब्रह्मचारी,स्वामी लाल बाबा,आचार्य पवन दत्त मिश्रा,आचार्य प्रमोद पांडे,स्वामी कृष्णानंद ब्रह्मचारी,चेतन शर्मा,राजू शुक्ला, अनुराग वाजपेयी, राधेश्याम शर्मा आदि सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।