सावन में भगवान शिव की आराधना से होता है कल्याण-श्रीमहंत रविंद्रपुरी
हरिद्वार। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मां मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि सावन में भगवान शिवशंकर की पूजा भक्त का कल्याण करती है। शिवलिंग पर बेल पत्र, दूध और गंगा जल से अभिषेक करने से भगवान शिव प्रसन्न होते हैं और अपने भक्त के सभी बिगड़े काम बना देते हैं। निरंजनी अखाड़ा स्थित चरण पाुदका मंदिर में श्रद्धालु भक्तों को शिव महिमा से अवगत कराते हुए श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि सभी भक्तों को पूरे सावन भगवान शिव का जलाभिषेक अवश्य करना चाहिए। देवों के देव महादेव भगवान भक्तों द्वारा किए जाने वाले जलाभिषेक से ही प्रसन्न होकर उनकी सभी मनोकामनाएं पूर्ण कर देते हैं। सावन में भगवान शिव की आराधना विशेष पुण्यदायी होती है। उन्होंने कहा कि भगवान शिव पूरे सावन मास दक्षेश्वर के रूप में विराजमान रहकर सृष्टि का संचालन करते हैं। भगवान विष्णु के शयन पर चले जाने के बाद भगवान शिव सृष्टि का संचालन करने के साथ भक्तों का कल्याण भी करते हैं। उन्होंने कहा कि भक्तों को भगवान शिव के साथ माता पार्वती की भी पूजा अर्चना करनी चाहिए। ऐसा करने से शिव और शक्ति की सम्मिलित कृपा प्राप्त होती है। जिससे कल्याण का मार्ग प्रशस्त होता है। परिवार में सुख समृद्धि का वास होता है।