पहले सोमवार पर श्रद्वालुओं ने किया विभिन्न शिवालयों शिवलिंग का जलाभिषेक

 


हरिद्वार। श्रावण के पहले सोमवार को बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्वालुओं सहित देश के विभिन्न राज्यों से कांवड़ लेने आए कांवड़ियों ने विभिन्न शिवालयों में जलाभिषेक कर पूजा अर्चना की और जनकल्याण की कामना की। सोमवार को तड़के से ही एतिहासिक दक्ष प्रजापति मंदिर,कनखल, हरिद्वार के बिल्केश्वर महादेव मंदिर,नीलेश्वर महादेव,द्ररिद भंजन महादेव मंदिर सहित विभिन्न पौराणिक शिवालयों में औघड़दानी सदाशिव का जलाभिषेक किया और सुख समृद्धि की कामना की। पौराणिक मंदिरों के अलावा अन्य शिवालयों में भी भक्तों ने जलाभिषेक किया। कनखल स्थित दक्ष प्रजापति मंदिर,बिल्केश्वर महादेव मंदिर और नीलेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक के लिए भक्तों की सवेरे से ही लंबी कतारें लगी रही। जलाभिषेक को संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन की और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। सभी मंदिरों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ जलाभिषेक करने में महिलाओं की अधिक संख्या को देखते हुए महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती भी की गयी थी। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पूरे दिन मंदिरों का भ्रमण कर सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लेते रहे।