पाइथन कोडिंग लैंग्वेज वर्कशॉप के समापन पर छात्राओं को दिए प्रमाण पत्र


 हरिद्वार। राजकीय कन्या इंटर कॉलेज ज्वालापुर में आयोजित पांच दिवसीय पाइथन कोडिंग लैंग्वेज वर्कशॉप का समापन शनिवार को समापन हो गया। वर्कशॉप के समापन पर छात्राओं को निःशुल्क पाइथन कोडिंग लैंग्वेज का प्रशिक्षण दे रही अमेरिका के कैलिफोर्निया से आई प्रशिक्षक कुमारी नंदिका जोशी ने चयनित 16 छात्राओं को सर्टिफिकेट प्रदान किए। नंदिका जोशी ऑकरिज हाईस्कूल कैलिफोर्निया अमेरिका की छात्रा है तथा उन्होंने अपनी छुट्टियों के समय ज्वालापुर की छात्राओं को निशुल्क पाइथन लैंग्वेज सिखाने का बीड़ा उठाया हुआ है। इसमें कैलिफोर्निया में स्थापित उत्तराखंड मंडल ऑफ अमेरिका भी सहयोग कर रहा है। नंदिका जोशी ने छात्राओं को स्कूल में डिजिटल लैब में पाइथन के बेसिक्स का प्रशिक्षण दिया और आगे की कक्षाएं वह अमेरिका से ऑनलाइन लेंगी। छात्राओं ने लैंग्वेज को सीखने में रुचि प्रदर्शित की है। प्रधानाचार्य पूनम राणा ने बताया कि वे विद्यालय छात्राओं को प्रत्येक नवीनतम विषय सिखाने के लिए प्रयासरत हैं। इसमें उनकी पूर्व छात्रा मोनिका जोशी तथा उनके पति सौमित जोशी भी उनका सहयोग कर रहे हैं। कैलिफोर्निया स्थित उत्तराखंड मंडल (उमा) के प्रयासों से जोशी दंपत्ति की पुत्री नंदिका जोशी अत्याधुनिक भाषा का ज्ञान छात्राओं को दे रही हैं। वर्कशॉप में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाल छात्राओं में आकृति, वंशिका, जेनब, प्रिया, परी, संध्या, विशाखा आदि प्रमुख रही। वर्कशॉप के आयोजन में अनुराधा और आली ने सहयोग किया।