शरीर पर 251 शहीद सैनिकों के नाम गुदवाकर और 51 तिरंगे लगाकर कांवड़ लेने पहुंचा विजय हिन्दुस्तानी
हरिद्वार। कांवड़ मेला आगे बढ़ने के साथ ही भक्ति और आस्था के तरह-तरह के रंग नजर आने लगे हैं। कोई माता पिता को कांवड़ में बैठाकर यात्रा करा रहा है तो कोई नोटों से कांवड़ सजाकर ले जा रहा है। शुक्रवार को 251शहीदों के नाम शरीर पर गुदवाकर हरिद्वार कांवड़ लेने पहुंचा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शामली निवासी विजय हिंदुस्तानी सबके आकर्षण का केंद्र रहा। विजय हिन्दुस्तानी ने 251शहीदों के नाम शरीर पर गुदवाने के साथ 51 तिरंगे झंडे भी पिन से शरीर में चिपकाए हैं। विजय हिन्दुस्तानी ने किसी मनोकामना के लिए नहीं बल्कि शहीदों के सम्मान में कांवड़ उठाई है। विजय ने बताया कि देश की रक्षा करने वाले वीर जवानों की सलामती की कामना लेकर वह कावड़ लेने हरिद्वार पहुंचे हैं। पुलवामा अटैक के बाद उन्होंने देश के शहीद 251 वीर जवानों के नाम अपने शरीर पर गुदवाए है और 51 तिरंगे झंडे लगाकर वे कांवड़ लेने आए हैं। भगवान शिव से उनकी केवल एक ही मनोकामना है कि देश का कोई भी जवान शहीद ना हो और देश तरक्की करता रहे।