महिला को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में ढाबा संचालक गिरफ्तार

 


हरिद्वार। महिला को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में थाना श्यामपुर पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नहर से महिला का शव सड़ी गली हालत में बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकद्मा दर्ज कर जेल भेज दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को श्यामपुर कांगड़ी स्थित ढाबा संचालक द्वारा महिला की हत्या कर शव को जंगल में छिपा देने की सूचना मिली थी। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी ढाबा संचालक केदारसिंह रावत पुत्र जोड़ सिंह निवासी ग्राम रिया रुइया थाना व जिला चंपावत हाल निवासी ग्रीन पंजाबी ढाबा कांगड़ी थाना श्यामपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने बताया कि करीब आठ माह पहले उसकी एक खानाबदोश महिला से ढाबे पर मुलाकात हुई थी। महिला का कोई परिजन नहीं होने की वजह से वह उसके साथ लिव इन रिलेशन में रहने लगी और साथ ही ढाबे पर बर्तन आदि धोने का काम भी करती थी। 23 अप्रैल की सवेरे नाश्ते को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गयी थी। जिससे नाराज होकर महिला ने जंगल में पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इसकी जानकारी मिलने पर उसने महिला का शव पेड़ से उतारकर नहर में बहा दिया था। पुलिस ने आरोपी केदार सिंह को जंगल में लेकर गयी तो एक पेड़ में महिला के बाल फंसे मिले। शव की खोजबीन करने पर गुज्जरबस्ती गैंडी खाता के समीप नहर में सड़ी गली हालत में महिला का शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को नहर से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण फांसी लगाने से होना पाया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपी केदार सिंह रावत के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और साक्ष्य मिटाने संबंधी धाराओं में मुकद्मा दर्ज कर उसका चालान कर दिया।