हरिद्वार। श्री गुरूमंडलाश्रम के परमाध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी भगवतस्वरूप महाराज ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा भव सागर की वैतरणी है। कथा से मिले ज्ञान को आचरण में घारण करने से व्यक्ति के कल्याण का मार्ग प्रशस्त होता है। ब्रह्मलीन महामंडलेश्वर स्वामी रामस्वरूप महाराज वेदान्ताचार्य महाराज के नवम निर्वाण महोत्सव के उपलक्ष्य मे आश्रम में आयोजित श्रीमद्भावगत कथा के दौरान श्रद्धालु भक्तों को संबोधित करते हुए महामंडलेश्वर स्वामी भगवत्स्वरूप महाराज ने कहा कि भक्त और भगवान की कथा श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन और श्रवण सदैव कल्याणकारी हैं। गंगा तट पर संतों के सानिध्य में कथा के श्रवण से दोगुना पुण्य लाभ साधक को प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा जीवन जीने की कला सिखाती है। कथा के प्रभाव से व्यक्ति के सभी संकट दूर हो जाते हैं। परिवार में सुख समृद्धि का वास होता है। लेकिन कथा श्रवण का लाभ तभी है, जब साधक कथा से मिले ज्ञान को आचरण में धारण करे। प्रत्येक व्यक्ति को सद्गुरू के सानिध्य में कथा श्रवण अवश्य करना चाहिए और दूसरों को भी कथा श्रवण के लिए प्रेरित करना चाहिए। कथा व्यास राजपुरोहित पंडित सनत भाई छोटा लाल रावल सुरेद्र नगर अहमदाबाद गुजरात वाले ने कहा कि श्रीमदभागवत कथा ज्ञान का अथाह भण्डार है। जिसे जितना ग्रहण करो। जिज्ञासा उतनी ही बढ़ती है। श्रीमद्भागवत कथा के श्रवण का अवसर सौभाग्य से मिलता है। इसलिए अवसर का लाभ उठाते हुए कथा श्रवण अवश्य करें। इस अवसर पर महामंडलेश्वर स्वामी शिवानंद, महंत गोविंददास, स्वामी रविदेव शास्त्री, महंत निर्मलदास सहित कई संत महापुरूष और श्रद्धालु भक्त उपस्थित रहे।
भव सागर की वैतरणी है श्रीमद्भावगत कथा-स्वामी भगवतस्वरूप