प्रदेश व्यापार मंडल ने की कॉरिडोर को लेकर स्थिति स्पष्ट करने की मांग

 


हरिद्वार। प्रदेश व्यापार मण्डल ने कॉरिडोर को लेकर स्थिति स्पष्ट करने व इससे प्रभावित होने वाले व्यापारियों को उचित मुआवजा तथा उनके रोजगार की व्यवस्था करने की मांग की है। बैठक के दौरान व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष संजीव चौधरी ने जिला अध्यक्ष प्रदुमन अग्रवाल की संस्तुति पर व्यापारी नेता संगीता बंसल को जिला महामंत्री मनोनीत करने की घोषणा की। बैठक को संबोधित करते हुए संजीव चौधरी ने कहा कि कॉरिडोर को लेकर प्रशासन की और से अभी तक स्थिति स्पष्ट नहीं की गयी है। जिससे व्यापारियों मे भ्रम की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन कॉरिडोर योजना को तत्काल सार्वजनिक करे। जिससे प्रभावित होने वाले व्यापारी अपने जीवन की आगे की रूप रेखा तैयार कर सके। चौधरी ने कहा कि प्रदेश व्यापार मण्डल हर व्यापारियों की आवाज को सरकार तक पहुंचाएगा। संरक्षक स्वामी ऋषिश्वरानन्द ने कहा कि यह जरूरी है कि कॉरिडोर से प्रभावित होने वाले व्यापारियों के लिए सरकार उचित व्यवस्था करे। नवनियुक्त जिला महामंत्री संगीता बंसल ने कहा कि जनपद की महिला व्यापारियों को प्रदेश व्यापार मंडल से जोड़ा जाएगा और महिला व्यापारियों की समस्या को प्रमुखता से उठाया जाएगा। बैठक मे मुख्य रूप से भीमगोडा व्यापार मण्डल अध्यक्ष मनीष चोटाला, महामंत्री गौरव वर्मा, रिकी अरोरा,अरविन्द चौधरी, अजीत सिरोही, आशीष पवार, विपिन राणा, विजय धीमान व पुष्पेंद्र गुप्ता आदि मौजूद रहे।