हरिद्वार। सांसद डॉ सत्यपाल सिंह फिलहाल यूजीसी के अगले आदेश तक गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के कुलाधिपति रहेंगे। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के चेयरमैन एम जगदीश कुमार ने कुलाधिपति के त्यागपत्र को अस्वीकार करते हुए उनकी बर्खास्तगी सम्बन्धी आर्य समाजों के निर्णय को निरस्त कर दिया है। यूजीसी ने विश्वविद्यालय की प्रायोजक आर्य प्रतिनिधि सभा और कुलसचिव को पत्र भेजकर डॉक्टर सत्यपाल सिंह को ही अग्रिम आदेश तक कुलाधिपति बने रहने का निर्देश दिया है। ज्ञात रहे कि तत्कालीन कुलपति प्रो.रूप किशोर शास्त्री को विश्वविद्यालय के कुलपति को पद मुक्त करने से नाराज विश्वविद्यालय की प्रायोजक आर्य प्रतिनिधि सभा ने विगत 1 जनवरी को कुलाधिपति डॉ सत्यपाल सिंह को पद से हटा दिया था। तत्कालीन कुलपति प्रोफेसर रूप किशोर शास्त्री पर लगे आरोपों की जांच के बाद कुलाधिपति डॉ सत्यपाल सिंह ने उन्हें पद मुक्त कर दिया था। प्रोफेसर शास्त्री को पद मुक्त किए जाने से आर्य प्रतिनिधि सभा में नाराज हो गई थी। विश्वविद्यालय को संचालित करने वाले आर्य प्रतिनिधि सभा दिल्ली पंजाब और हरियाणा के प्रधानों ने संयुक्त बैठक कर कुलाधिपति सत्यपाल सिंह को पद से हटा दिया था। दावा किया गया था कि डॉ. सत्यपाल सिंह इससे पहले ही अपने पद से त्यागपत्र दे चुके थे। अपने त्यागपत्र में डॉक्टर सत्यपाल सिंह ने आर्य प्रतिनिधि सभा के कुछ प्रतिनिधियों पर कुलपति को बचाए जाने का भी आरोप लगाया था। गुका विश्वविद्यालय में इस व्यवस्था पर संज्ञान लेते हुए आयोग ने अब डॉ सत्यपाल सिंह का त्यागपत्र स्वीकार करते हुए उनकी बर्खास्तगी को निरस्त कर दिया है। यूजीसी ने विश्वविद्यालय संस्थाओं को अग्रिम आदेश तक सत्यपाल सिंह को कुलाधिपति बनाए रहने के निर्देश भी दिए हैं।
डॉ.सत्यपाल सिंह ही गुकाविवि में बने रहेंगे कुलाधिपति के पद पर