मेयर अनिता शर्मा ने आरोपों को बताया राजनीति से प्रेरित

 हरिद्वार। मेयर अनिता शर्मा ने भाजपा पार्षदों द्वारा प्रैसवार्ता में लगाए सभी आरोपों को झूठा, बेबुनियाद व राजनीति से प्रेरित बताया है। प्रैस को जारी बयान में मेयर अनिता शर्मा ने कहा कि नगर निगम बोर्ड बैठक में पारित होने वाले प्रस्तावों की प्रोसीडिंग अधिकारी कर्मचारी स्वयं करते हैं। प्रोसीडिंग में किसी भी तरह का कोई हस्तक्षेप उनके द्वारा नहीं किया जाता है। उन्होंने कहा कि जगजीतपुर में पांच सौ बेड का अस्पताल, उत्तरी हरिद्वार में अस्पताल निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध करायी गयी है। अधिकारी दबाव में काम कर रहे हैं। जिसके चलते विवाद उत्पन्न किया जा रहा है। सोची समझी नीयत के तहत भाजपा पार्षद जनहित के मुद्दों में भी अड़ंगा लगा रहे हैं। शहर की सफाई व्यवस्था से किसी भी प्रकार का कोई समझौता नहीं किया जाता है। उन्होंने भाजपा पार्षदों द्वारा लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद बताया। कहा कि पार्क के नाम पर भूमि को कब्जाने का प्रयास किया जा रहा है। नगर निगम की भूमि को खुर्द बुर्द नहीं करने दिया जाएगा। पार्क का निर्माण करना है तो निजी भूमि पर भाजपा पार्षद निर्माण कराएं।  मेयर प्रतिनिधि अशोक शर्मा ने कहा कि यूनिपोल के घपले पर भाजपा पार्षद चुप्पी साधे हुए हैं। अनर्गल बयानबाजी कर मेयर की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बोर्ड में पारित होने वाले प्रस्तावों पर नगर निगम काम कर रहा है।