बहाली की मॉग को लेकर चतुर्थ श्रेणी कर्मियों ने गुकाविवि परिसर में दिया धरना

 हरिद्वार। गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में फिक्स मानदेय पर कार्य कर चुके चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों ने अपनी बहाली की मॉग को लेकर भूख हड़ताल व धरना देना शुरू कर दिया है। बताया जाता है कि करीब 2 साल पहले गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में फिक्स मानदेय पर कार्य कर रहे 29 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त कर दी थी। हाईकोर्ट की डबल बेंच ने पूरे मामले पर सुनवाई करते हुए इन कर्मचारियों की बहाली के आदेश दिए हैं। गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में फिक्स मानदेय पर कार्य कर चुके करीब 28 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी अपनी बहाली की मांग को लेकर गुरुवार को कुलसचिव कार्यालय पहुंचे। इस दौरान चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों ने कुलसचिव प्रोफेसर सुनील कुमार से वार्ता करते हुए अपनी बहाली की मांग की। कुलसचिव ने चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों से वार्ता करते हुए इस मामले को बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट में ले जाने की बात कही और 20 जनवरी तक का समय मांगा। इससे असंतुष्ट कर्मचारियों ने अपना धरना और भूख हड़ताल शुरू कर दी। धरने का नेतृत्व कर रहे संजय के अनुसार गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय ने फिक्स मानदेय पर कार्य कर रहे करीब 29 कर्मचारियों की सेवाएं 2 साल पहले समाप्त कर दी थी। इसके विरोध में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों ने हाईकोर्ट की शरण ली थी। हाई कोर्ट में चली लंबी सुनवाई के बाद अब डबल बेंच ने भी चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की बहाली के आदेश दिए हैं। इसके बावजूद विश्वविद्यालय प्रशासन सभी चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को बहाल करने में केवल आश्वासन दे रहा है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सात दिनों के भीतर सभी कर्मचारियों को बहाल करने का आश्वासन दिया था जिसके बाद फिर 24 घंटे का आश्वासन दिया गया। बावजूद चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को बहाल नहीं किया जा रहा है। इसके विरोध में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी सोनू ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है,जबकि अन्य कर्मचारियों ने धरना शुरू कर दिया है। अब जब तक सभी चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की मांग पूरी नहीं हो जाती धरना जारी रहेगा। बताया जाता है कि इस बीच एक कर्मचारी की मृत्यु हो चुकी है। इस दौरान दीपक सुभाष आनंद संजीव सतीश मुकेश आदि चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी मौजूद रहे।