पंजाब में मजदूरों के खिलाफ पुलिसिया दमन के खिलाफ मान सरकार का फूंका पुतला

 


हरिद्वार। पंजाब में मजदूरों के ऊपर पुलिसिया दमन के खिलाफ भगवंत मान सरकार का विरोध किया है। उत्तराखण्ड के हरिद्वार सिडकुल में राजा बिस्किट पुलिस चौकी के पास गुरूवार को संयुक्त संघर्षशील ट्रेड यूनियन मोर्चा हरिद्वार एवं प्रगतिशील महिला एकता केंद्र द्वारा पंजाब सरकार द्वारा ग्रामीण एवं खेत मजदूरों पर बर्बर लाठीचार्ज के विरोध में जुलूस निकाल कर पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार का पुतला दहन कर प्रदर्शन किया गया। देवभूमि श्रमिक संगठन हिंदुस्तान यूनिलीवर के उपमंत्री दिनेश कुमार ने कहा कि पंजाब के संगरूर में ग्रामीण मजदूरों पर बर्बर लाठीचार्ज से पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार का मजदूर विरोधी चरित्र उजागर हो गया है। फूड्स श्रमिक यूनियन आईटीसी के कोषाध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने कहा कि पंजाब के ग्रामीण व खेत मजदूर अपने न्यायोचित मांग के लिए शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा मजदूरों के साथ वार्ता करने के स्थान पर दमन का रुख अपनाकर अपना असली चरित्र उजागर कर दिया। राजा बिस्किट मजदूर संगठन के प्रधान बृजेश कुमार ने कहा कि हम मजदूर पंजाब के मजदूरों के साथ भाईचारा दिखाते हुए पंजाब सरकार एवं पंजाब पुलिस की निंदा करते हैं। प्रगतिशील महिला एकता केंद्र के सचिव दीपा ने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी मजदूर,किसान व महिला विरोधी है। यह पार्टी भी भाजपा व कांग्रेस की भाति पूजीपतियों की सेवा करने ही वाली है। इंकलाबी मजदूर केंद्र के हरिद्वार प्रभारी पंकज कुमार ने कहा कि मजदूर वर्ग पर कहीं भी हमला, दमन, उत्पीड़न व शोषण होगा उसका एकजुटता से विरोध किया जाएगा। मजदूर वर्ग के पास अपने फौलादी एकता है जिसके दम पर ही पूंजीपति वर्ग और उसके पूरी मशीनरी का मुकाबला किया जायेगा। विरोध प्रदर्शन व पुतला दहन में बृजमोहन,विशन पुरी,रजनीश त्यागी,सोनू,अनीता, सोनम बिना निर्मला सूरज,राजवीर,तेजपाल ,समेत कई मजदूर उपस्थित रहे।