खतौली सीट पर आरएलडी की जीत भाजपा की नैतिक हार है-चौधरी देवपाल राठी

 हरिद्वार। राष्ट्रीय लोकदल के उत्तराखण्ड प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी देवपाल सिंह राठी ने यूपी की खतौली विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में मिली जीत को पार्टी प्रमुख चौधरी जयंत सिंह के कुशल प्रबंधन के साथ किसानों और मजदूरों की जीत बताया है। प्रैस को जारी बयान में चौधरी देवपाल सिंह राठी ने कहा कि खतौली सीट पर आरएलडी की जीत से भाजपा के बड़बोले नेताओं की हार हुई है। केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान ने कहा था कि हमने मुजफ्फरनगर में चौधरी अजीत सिंह को हराया और खतौली विधानसभा सीट भी सोलह हजार से अधिक मतों के अंतर से जीतेंगे। इससे कम अन्तर से जीते तो यह मेरी नैतिक हार होगी। चौधरी देवपाल सिंह राठी ने कहा कि भाजपा की जनविरोधी नीतियों से देश का किसान, मजदूर, मध्यम वर्ग, व्यापारी सभी परेशान हैं। देश में महंगाई, भ्रष्टाचार चरम पर है। रसोई गैस से लेकर खाद, बिजली, दवाएं सभी जरूरी चीजों के भाव आसमान छू रहे हैं। महंगाई व भ्रष्टाचार से परेशान जनता ने हिमालच विधानसभा एवं दिल्ली एमसीडी चुनाव में भाजपा को सबक सिखाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि देश के सार्वजनिक संस्थानों को निजी उद्योगों को बेचा जा रहा है। सरकार ना तो गन्ने का भाव बढ़ा रही हैं, ना ही बकाया भुगतान किया जा रहा है। 2024 के लोकसभा चुनावों में जनता भाजपा के झूठे वादों को नकार कर केंद्र की सस्ता से बाहर का रास्ता दिखाने का काम करेगी।