दुनिया में सनातन संस्कृति श्रेष्ठ परंपरा,जिससे मन को शांति और ज्ञान मिलता है-ओम बिड़ला

 


हरिद्वार। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि देश के क्रांतिकारियों ने आजादी के लिए जो लड़ाई लड़ी, वह आध्यात्मिक ज्ञान से प्रेरित थी। फांसी पर लटके लोगों के हाथ में गीता थी। आजादी के बाद से संतों ने देश को नई दिशा दी है। दुनिया में सनातन संस्कृति परंपरा श्रेष्ठ परंपरा है। इस परंपरा से लोगों के मन को शांति और ज्ञान मिलता है। ये बातें उन्होंने कनखल स्थित हरिहर आश्रम में रविवार को आचार्य महामंडलेश्वर अवधेशानंद गिरि के जीवन पर आधारित पुस्तक ‘तप और तपस्या के विमोचन कार्यक्रम में कहीं। लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि जब भी मौका मिलता है, वह हरिद्वार आते हैं। स्वामी अवधेशानंद गिरि भारतीय आध्यात्मिक ज्ञान, संस्कृति को दुनिया में पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। लोगों को दिशा दिखाकर जीवन को परिवर्तन कर रहे हैं और समाज को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं। स्वामी अवधेशानंद गिरि के जीवन पर लिखी पुस्तक नई पीढ़ी को नई प्रेरणा देगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि इस पुस्तक से लोगों को जीवन के अनेक आयामों से सीखने को मिलेगा। देश और समाज के लिए स्वामी अवधेशानंद ने अभूतपूर्व कार्य किए हैं। धामी ने कहा कि उत्तराखंड चुनाव के दौरान कुछ लोगों को गलतफहमी हो गई थी कि भाजपा की सरकार जाने वाली है। भाजपा ने इस बार उत्तराखंड चुनाव में जीत दर्ज कर नया इतिहास बनाया है। स्वामी अवधेशानंद गिरि को भी विश्वास था कि इस बार उत्तराखंड में भाजपा की सरकार बनेगी। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने उत्तराखंड में इतिहास बनाया है। कार्यक्रम के दौरान सांसद रमेश पोखरियाल निशंक, सांसद महेश शर्मा, प्रदेश के कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद्र अग्रवाल,भाजपा अध्यक्ष मदन कौशिक ने भी किताब के विमोचन पर स्वामी अवधेशानंद को शुभकामनाएं दीं। समापन पर स्वामी अवधेशानंद गिरी ने कहा कि पूरे देश में सामान नागरिकता कानून लागू होना चाहिए। कार्यक्रम में अवधेशानंद गिरि ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को संतों का आशीर्वाद भी दिलाया। मंच का संचालन पतंजलि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो0महाबीर अग्रवाल ने किया। कार्यक्रम का समापन सर्वे भवन्तु सुखिन, सर्वे सन्तु निरामया....,पूर्णमिदम, पूर्णमादाय.से हुआ। समारोह मे कैबिनेट मंत्री प्रेमचन्द्र अग्रवाल,रूड़की विधायक प्रदीप बत्रा,पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानन्द,पूर्व विधायक कुंवर प्रणव चैम्पियन,पूर्व लक्सर विधायक संजय गुप्ता,कुलपति उत्तराखण्ड संस्कृत विश्वविद्यालय देवी प्रसाद त्रिपाठी, जिलाधिकारी विनय शंकर पाण्डेय,वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ0योगेन्द्र सिंह रावत,महामण्डलेश्वर ललितानन्द गिरिजी महाराज,एडीएम पी0एल0 शाह, एसडीएम पूरन सिंह राणा,सिटी मजिस्ट्रेट अवधेश कुमार सिंह,भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ0 जयपाल सिंह चैहान,भाजपा जिला महामंत्री विकास तिवारी,राकेश राजपूत,सुशील चैहान सहित साहित्यकार, बड़ी संख्या में सन्तजन, स्वयंसेवी संस्थायें, ट्रस्टी आदि उपस्थित थे।