राजाजी टाईगर रिजर्व की तीनो रेंजो में मानसून गश्त शुरू

 हरिद्वार। मानसून को देखते हुए राजाजी टाइगर रिजर्व में मॉनसून गश्त शुरु की गई। राजाजी टाइगर रिजर्व के पूर्वी क्षेत्र की तीनो रेंज चीला, गोहरी व रवासन की संयुक्त टीमों ने अपने अपने मुख्यालय से गश्त की शुरुआत की। सवेरे पांच बजे से शुरू हुए अभियान में तीनों रेंजो की कई टीमें हाथियों को साथ लेकर राजाजी के मुंढाल सेंटर पहुंची। गौरतलब है कि मानसून में गंगा तटीय क्षेत्रों से शिकारियों के राजाजी टाईगर रिजर्व में घुसने की आशंका बनी रहती है। इसमें चीला व गौहरी रेंज को सबसे ज्यादा संवेदनशील माना जाता है। इसके साथ ही लैंसडौन वन प्रभाग से सटी रवासन यूनिट को भी संवेदनशील माना जाता है। ऊंची पहाड़ियां होने के चलते यह क्षेत्र विषम परिस्थितियों से भरा हैै। जिसके चलते यहां पर गश्त करना महकमे के लिए हमेशा टेढ़ी खीर रहा है। वही चीला व गोहरी रेंज हरिद्वार और ऋषिकेश के बीच मुख्य मार्ग से जुड़ी हुई है। इस मार्ग पर अक्सर वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। साल भर चलने वाली नियमित पेट्रोलिंग के साथ मॉनसून के दौरान इस क्षेत्र में वन विभाग विशेष सतर्कता बरतता है। मानसून गश्त को लेकर महकमे की और से कई तैयारियां की गयी हंै। प्रत्येक रेंज में गश्त के लिए युवा कर्मियों की चार-चार टीमें बनाई गई है। प्रत्येक टीम में 10 लोगो को रखा गया है। प्रत्येक टीम रोटेशन के तहत गश्त करने के बाद उसका ब्यौरा मुख्यालय को सौपेंगी।