निर्मल भेख के साधु-संतों और महंतों ने जिला प्रशासन को दिया 6जुलाई तक समय
हरिद्वार। पंचायती निर्मल अखाड़े में श्रीमहंतों के बीच चल रहा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को निर्मल भेख के साधु-संतों और महंतों का प्रतिनिधि मंडल निर्मल अखाड़ा के सचिव महंत जगतार सिंह के नेतृत्व में अपर जिला मजिस्ट्रेट हरिद्वार से मिला। निर्मल भेख की तरफ से चेतावनी देते हुए कहा कि नए अध्यक्ष श्रीमहंत रेशम सिंह और पदाधिकारियों के निर्मल अखाड़ा कनखल में प्रवेश के समय दूसरे पक्ष के किसी व्यक्ति ने कानून को अपने हाथ में लेने का प्रयास किया तो जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। छह जुलाई तक उन्होंने प्रशासन को समय दिया कि उन्हें अखाड़े के अधिकार दिलाएं। सचिव महंत जगतार सिंह का कहना है पंचायती अखाड़ा के विवाद में जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन को कई बार प्रार्थना पत्र दिया जा चुका है। उन्होंने कहा कि अखाड़े के पहले अध्यक्ष के विरुद्ध संगीन आरोपों के कारण संविधान के अर्न्तगत 26 अक्तूबर 17 को प्रस्ताव पारित कर उन्हें अध्यक्ष के पद से हटाया जा चुका है। अखाड़े के नए श्रीमहंत अध्यक्ष का चुनाव निर्मल भेख की बैठक में 19 अगस्त 2019 किया जा चुका है। दावा किया कि निर्मल भेख ने महंत रेशम सिंह को श्रीमहंत अध्यक्ष नियुक्त किया है। उन्होंने कहा कि अखाड़े के अंदर गैरकानूनी काबिज श्रीमहंत और उनके साथी श्रीमहंत रेशम सिंह को प्रवेश करने से रोकते हैं। इस मौके पर अखाड़े के कोठारी महंत गोपाल सिंह, मुखिया महंत जगजीत सिंह,निर्मल भेख के सदस्य महंत बिक्कर सिंह,महंत चमकौर सिंह,महंत दर्शन सिंह,महंत सतनाम सिंह,महंत प्रेम सिंह,महंत अमरीक सिंह वैध, महंत बलजिन्द्र सिंह,महंत अनूप सिंह आदि संत महंत उपस्थित थे।