छात्रों को निःशुल्क पाठ्य एवं लेखन सामग्री वितरित की

 हरिद्वार। श्री कृष्ण पूर्ण दिव्य चैरिटेबल ट्रस्ट, श्री कृष्ण निवास आश्रम कनखल द्वारा रविदास मंदिर जगजीतपुर कनखल में ट्रस्ट व आश्रम के परमाध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी गिरिधर गिरी महाराज एवं स्वामी महेंद्रानन्द महाराज द्वारा गरीब परिवारों के 120 छात्रों को निशुल्क पाठ्य एवं लेखन सामग्री का वितरण किया गया। इस अवसर पर स्वामी गिरिधर गिरि महाराज ने कहा कि देश की उन्नति तभी होगी जब हर बच्चा शिक्षित हो। केवल शिक्षा से ही कल के समृद्ध भारत का निर्माण संभव है। इसके लिए सबको मिल कर प्रयास करना होगा। स्वामी महेन्द्रानंद ने बताया कि सभी शिक्षित हों इसके लिए हर स्तर पर समाज के सभी वर्गों को अपना अपना योगदान देना होगा। सर्वशिक्षा अभियान के अंतर्गत नीलधारा,धोबीघाट एवं रविदास मंदिर जगजीतपुर में शिक्षण क्लास संचालित की जाती हैं। स्वामी जी से संवाद करते हुए बच्चों ने उन्हें अपने डा.इंजीनियर,पुलिस में जाने के सपने के बारे में बताया,यह भी बताया कि लॉकडाउन के कारण उनकी पढ़ाई बन्द हो गयी थी और स्कूल बीच में छोड़ना पड़ गया था। अब वह यहां पढ़ने आकर बहुत खुश हैं। यहां फीस भी नहीं लगती और अब ट्रस्ट द्वारा कॉपी पेंसिल रबर कलर भी मिल गए हैं। स्वामी महेंद्रानंद महाराज ने खाद्य सामग्री एवं कॉपी किताबों के वितरण के साथ शिक्षण स्थल पर नए पंखे लगवाने को भी आश्वस्त किया और कहा कि श्री कृष्ण पूर्ण दिव्य चैरिटेबल ट्रस्ट आगे भी लगातार शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर अपना व्यापक योगदान देता रहेगा।