व्यापार मण्डल चुनाव अध्यक्ष के लिए तीन,महासचिव,कोषाध्यक्ष के लिए दो-दो नामांकन

 हरिद्वार। शहर व्यापार मंडल (गुलाटी) के चुनाव में शुक्रवार को अध्यक्ष,महामंत्री और कोषाध्यक्ष पद के लिए नामांकन पत्र भरे गए। चुनाव संचालन समिति के प्रेस प्रवक्ता चन्द्र शेखर कुर्ल ने बताया कि शुक्रवार को कुल 7 नामांकन प्राप्त हुए हैं। जिसमें अध्यक्ष पद के लिए सतीश चन्द्र शर्मा, राजीव पाराशर और सुयश अग्रवाल के नामांकन पत्र शामिल हैं। चार मई को मतदान होना है। इसके अलावा महामंत्री पद पर कुल 2 प्रत्याशियों ने नामांकन किए। इनमें अमन शर्मा और विपिन कुमार शर्मा के नामांकन शामिल हैं। कोषाध्यक्ष पद पर राम अरोड़ा और राकेश खन्ना ने नामांकन पत्र भरे। उन्होंने बताया कि 30 अप्रैल को दोपहर 2 बजे तक नाम वापसी के बाद नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। अपराह्न 3 बजे चुनाव चिन्हृों का आवंटन किया जाएगा। इसके बाद ही चुनाव की असली स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। शुक्रवार सुबह व्यापार मंडल के सभी प्रत्याशी अपने-अपने समर्थकों के साथ भारी ढोल बजाते हुए नामांकन पत्र भरने आए। नामांकन प्राप्त करने हेतु दोनों चुनाव संयोजक सुभाष चंद, अरविंद शर्मा, तथा चुनाव अधिकारी अवधेश शर्मा, महाराज कृष्ण सेठ व मनोज सिंघल उपस्थित रहे।