फूलदेई उत्तराखंड की संस्कृति एवं परंपराओं से जुड़ा प्रमुख पर्व है-श्रीमहंत रविन्द्रपुरी

 हरिद्वार। एसएमजेएन पीजी कॉलेज में सोमवार को फूलदेई पर्व धूमधाम से मनाया गया। अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष एवं कॉलेज प्रबंध समिति के अध्यक्ष श्री महंत रविंद्र पुरी ने अपने संदेश में छात्र-छात्राओं और शिक्षक-शिक्षिकाओं को फूलदेई पर्व की शुभकामना प्रेषित कीं। उन्होंने कहा कि फूलदेई प्रकृति के शृंगार का लोकपर्व है। उन्होंने कहा कि यह त्योहार उत्तराखंड की संस्कृति एवं परंपराओं से जुड़ा प्रमुख पर्व है। हमें अपने लोक पर्वों एवं लोक परम्पराओं को आगे बढ़ाने की दिशा में लगातार प्रयास करने होंगे।कॉलेज के प्राचार्य डा. सुनील कुमार बत्रा ने फूलदेई पर्व की बधाई देते हुए कहा कि उत्तराखंड में फूलदेई पर्व मनाने की परंपरा है। इस शुभ पर्व पर हम सबको अपने नौनिहालों से घर की देहरी पर पुष्प वर्षा कराकर उन्हें शगुन तथा उपहार देकर इस त्योहार को जीवंत बनाये रखने के प्रयास करने चाहिए। मुख्य अधिष्ठाता छात्र कल्याण डा. संजय कुमार माहेश्वरी ने इसके धार्मिक तथा सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि त्योहार को प्रकृति की उर्वरता को उत्सव के रूप में मनाने के रूप में देखा जाना चाहिए। इस अवसर पर मुख्य रूप से डा. जगदीश चन्द्र आर्य, विनय थपलियाल, डा.प्रज्ञा जोशी,डा. विजय शर्मा, डा.पद्मावती तनेजा आदि सहित कॉलेज के अनेक छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।