टेलीस्कोप के माध्यम से अन्तरिक्ष के नजारे देखने के लिए स्काई वॉच का आयोजन

 हरिद्वार। गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय में सोमवार से एक सप्ताह तक चलने वाला विज्ञान सर्वत्र पूज्यते कार्यक्रम आरंभ होने जा रहा है। इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण एरीज अन्तरिक्ष वेधशाल, नैनीताल के सहयोग से दो दिन तक टेलीस्कोप के माध्यम से अन्तरिक्ष और रहस्यमयी दुनिया के नजारे देखने के लिए स्काई वॉच का आयोजन किया जाएगा। हाई डेफिनेशन इमेज वाली टेलीस्कोप गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय में स्थापित की गई है। 24-25 फरवरी की शाम यह आम नागरिकों के लिए उपलब्ध रहेंगी। स्काई वॉच के माध्यम से शहर के नागरिक और विद्यार्थी अन्तरिक्ष के खूबसूरत नजारे को अपनी आँखों से देख सकेंगे। विज्ञान सर्वत्र पूज्यते कार्यक्रम के अध्यक्ष प्रो. एलपी पुरोहित ने बताया कि इस साप्ताहिक कार्यक्रम में कोई भी विद्यार्थी और आम जन प्रतिभाग कर कर सकता है। विज्ञान सर्वत्र पूज्यते कार्यक्रम में देश के जाने-माने विज्ञान लेखक एवं विज्ञान संचारक देवेन्द्र मेवाड़ी विज्ञान प्रसार और विज्ञान चेतना पर आधारित दो विशिष्ट व्याखान प्रदान करेंगे। हाल ही में देवेन्द्र मेवाड़ी को विज्ञान लेखन के लिए भारत सरकार का साहित्य अकादमी पुरस्कार भी प्राप्त हुआ है। विज्ञान पत्रकारिता के क्षेत्र में उनका एक विशिष्ट स्थान है। विज्ञान विषयक लेखन के इतर उनके यात्रा वृतान्त की पुस्तकें भी प्रकाशित ही चुकी हैं। प्रो. एलपी पुरोहित ने बताया कि एक सप्ताह तक चलने वाले विज्ञान सर्वत्र पूज्यते कार्यक्रम में एम्स नई दिल्ली की एनएमआर विभाग की प्रो. रमा जयासुंदर मन्त्र विज्ञान पर एक विशिष्ट व्याख्यान देंगी। अर्वाचीन और प्राचीन ज्ञान परम्परा के मध्य एक संवाद शृंखला में यह व्याख्यान एक बेहद रोचक व्याख्यान होगा। प्रो. रमा जया सुंदर न्युक्लिर मैग्नेटिक रिनोसेंस के क्षेत्र में अन्तरराष्ट्रीय ख्याति की विद्वान हैं। बताया कि कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में वॉडिया हिमालयन भूगर्भ विज्ञान संस्थान दून के डायरेक्टर डॉ. कला चन्द्र सैन मुख्य अतिथि होंगे तथा उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. डीपी त्रिपाठी विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रतिभाग करेंगे।