संजय गुप्ता को पार्टी फोरम पर रखनी चाहिए थी अपनी बात-डा.जयपाल सिंह चैहान

 हरिद्वार। भाजपा जिलाध्यक्ष डा.जयपाल सिंह चैहान ने लकसर विधायक संजय गुप्ता के प्रदेश नेतृत्व पर लगाए गए आरोपों के संबंध में कहा कि विधायक संजय गुप्ता को अपनी पीड़ा पार्टी फोरम पर रखनी चाहिए थी। सहीं ढंग से बात रखने पर पार्टी संज्ञान जरूर लेती है। पत्रकारों से बात करते हुए डा.जयपाल सिंह चैहान ने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक ढंग से चलने वाली पार्टी है। पार्टी में सभी कार्यकर्ताओं को अपनी बात कहने का अधिकार है। लेकिन अपनी बात पार्टी के अंदर रखी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि संजय गुप्ता की कोई पीड़ा हो सकती है। लेकिन उन्हें अपनी बात पार्टी फोरम पर ही रखनी चाहिए। पूरा मामला प्रदेश नेतृत्व के संज्ञान में है। इस संबंध में जो भी कदम उठाया जाएगा वो प्रदेश स्तर से ही उठाया जाएगा। गौरतलब है कि 14 फरवरी को मतदान होने के बाद लक्सर से भाजपा विधायक संजय गुप्ता ने वीडियो जारी कर अपनी ही पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त होने का आरोप लगाया था। संजय गुप्ता ने आरोप लगाया था कि मदन कौशिक ने परोक्ष रूप से उन्हें हराने के लिए बीएसपी को समर्थन किया था। विधायक संजय गुप्ता का वीडियो जारी होने के बाद से ही भाजपा को भारी फजीहत का सामना करना पड़ रहा है।