हरक सिंह रावत समर्थक संजय चैपड़ा ने किया श्रम बोर्ड सदस्य पद से इस्तीफा

 हरिद्वार। भारतीय जनता पार्टी और प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री पद से डॉ. हरक सिंह रावत की बर्खास्तगी के बाद उनके समर्थक कृषि उत्पादन मंडी समिति के पूर्व अध्यक्ष संजय चोपड़ा ने भी उत्तराखंड शासन में श्रम बोर्ड के सदस्य पद से इस्तीफा दे दिया है। भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व को अपना इस्तीफा भेज कर संजय चोपड़ा ने भाजपा प्रदेश नेतृत्व पर कार्यकर्ताओं की अनदेखी और हरक की बर्खास्तगी को अन्यायपूर्ण बताते हुए 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की विदाई होने की बात लिखी है। चोपड़ा ने कहा कि हरिद्वार मंडी अध्यक्ष पद के लिए भाजपा हाईकमान को कई बार अवगत कराया गया। लेकिन आनन-फानन में उत्तराखंड राज्य में चुनाव आयोग द्वारा विधानसभा चुनाव के घोषणा के उपरांत जिस प्रकार से हरिद्वार मंडी अध्यक्ष नियुक्त किया गया, भाजपा की इस प्रकार की कार्यशैली से उनके समर्थक आहत हुए हैं। अब जिस प्रकार से हरक सिंह रावत को निष्कासित किया गया है उससे उनके समर्थकों में काफी रोष है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में भाजपा को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। दोहराया कि वे हरक सिंह रावत के साथ रहेगे।