युगपुरूष थे ब्रहमलीन महंत हरी सिंह महाराज-श्रीमहंत ज्ञानदेव सिंह

 हरिद्वार। श्री पंचायती अखाड़ा निर्मल डेरा धर्म ध्वजा पटियाला के ब्रह्मलीन महंत हरी सिंह महाराज की अस्थियाँ कनखल स्थित सती घाट पर पूर्ण विधि विधान और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ गंगा में प्रवाहित की गई। निर्मल अखाड़े में श्रद्धांजलि कार्यक्रम में श्रद्धालु संगत को संबोधित करते हुए श्री पंचायती अखाड़ा निर्मल के अध्यक्ष श्रीमहंत ज्ञानदेव सिंह महाराज ने कहा कि ब्रह्मलीन महंत हरी सिंह महाराज एक युगपुरुष थे। जिन के निधन से अखाड़े को बड़ी क्षति हुई है। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन निर्मल अखाड़े के लिए समर्पित किया और युवावस्था से ही सनातन परंपराओं का निर्वहन करते हुए संपूर्ण भारत वर्ष में धर्म और संस्कृति का प्रचार प्रसार किया। ऐसे महापुरुषों को संत समाज नमन करता है। कोठारी महंत जसविंदर सिंह महाराज ने कहा कि ब्रह्मलीन महंत हरी सिंह महाराज एक महान संत थे। जिन्होंने अपने डेरे से अनेकों सेवा प्रकल्प संचालित कर समाज को सेवा का संदेश दिया। ऐसे तपस्वी और संतत्व के धनी महापुरुष समाज को विरले ही प्राप्त होते हैं। राष्ट्र निर्माण में उनका अतुल्य योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। महंत अमनदीप सिंह एवं महंत रंजय सिंह ने कहा कि महापुरुषों का जीवन सदैव ही परोपकार को समर्पित रहता है और ब्रह्मलीन महंत हरि सिंह महाराज तो साक्षात त्याग एवं तपस्या की प्रतिमूर्ति थे। जिन्होंने भावी पीढ़ी को संस्कारवान बनाकर राष्ट्र रक्षा एवं धर्म रक्षा के लिए प्रेरित किया और सेवा कार्यों के माध्यम से श्री पंचायती अखाड़ा निर्मल का भारतवर्ष में मान बढ़ाया। राष्ट्र को एकता के सूत्र में बांधकर उन्होंने अपने संत होने का दायित्व बखूबी निभाया। अखाड़े के इतिहास में उनका नाम सदैव अमर रहेगा। इस दौरान महंत दर्शन सिंह शास्त्री, महंत विक्रम सिंह, महंत बलदेव सिंह, महंत राजेंद्र सिंह, महंत गुरचरण सिंह, महंत मलकीत सिंह, महंत खेम सिंह, महंत गुरप्रीत सिंह, महंत निर्भय सिंह, संत तलविंदर सिंह, संत सुखमन सिंह, संत सिमरन सिंह, संत गुरजीत सिंह, संत हरजोत सिंह, संत जसकरण सिंह, समाजसेवी विनिंदर कौर सोढ़ी, देवेंदर सिंह सोढ़ी, अतुल शर्मा आदि उपस्थित रहे।