पूर्व जिला पंचायत अध्यक्षा को ज्वालापुर सीट से कांग्रेस प्रत्याशी बनाने की मांग
हरिद्वार। ज्वालापुर सुरक्षित विधानसभा सीट से वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ब्रजरानी को टिकट दिए जाने की मांग लगातार जोर पकड़ रही है। जिला पंचायत अध्यक्ष के रूप में उनके कार्यकाल में हुए क्षेत्र के विकास से प्रभावित ग्रामीणों ने कांग्रेस हाईकमान से ब्रजरानी को प्रत्याशी बनाए जाने की मांग की है। किसान नेता पदम् रोड़ ने ब्रजरानी को कांग्रेस प्रत्याशी घोषित किए जाने की मांग करते हुए कहा कि ब्रजरानी कर्मठ व जुझारू नेता हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर रहते हुए उन्होंने क्षेत्र का जितना विकास किया है। उसे आज भी क्षेत्र के लोग याद करते हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता में उनकी लोकप्रियता को देखते हुए कांग्रेस हाईकमान को उन्हें प्रत्याशी घोषित करना चाहिए। अनीस अहमद ने कहा कि कांग्रेस नेत्री ब्रजरानी क्षेत्र की समस्याओं से वाकिफ हैं। जिलां पंचायत अध्यक्ष रहने के दौरान उन्होंने कई समस्याओं का समाधान कराने के साथ विकास में योगदान किया। कांग्रेस पार्टी को उन्हें ज्वालापुर विधानसभा सीट से प्रत्याशी बनाना चाहिए। ब्रजरानी भारी अंतर से जीत दर्ज करेंगी। रियासत प्रधान ने कहा कि ब्रजरानी शिक्षित महिला हैं। महिलाओं, दलितों, अल्पसंख्यकों के बीच उनकी गहरी पैठ व लोकप्रियता को देखते हुए विधानसभा चुनाव में उनकी जीत निश्चित है। कांग्रेस हाईकमान को उन्हें टिकट देना चाहिए। क्षेत्र के आम लोगों के साथ अधिकांश कार्यकर्ता भी उनके पक्ष में है। ऐसे में जनभावनाओं को देखते हुए कांग्रेस को ब्रजरानी को ही प्रत्याशी बनाना चाहिए।